आगरा
मार्च की विदाई और अप्रैल का आगमन हो चुका है। मार्च के आखिरी दिन से शुरू हुई हीट वेव के आज भी बने रहने के आसार हैं। इतना ही नहीं मौसम विभाग ने आगामी तीन दिन तक हीट वेव चलने की आशंका व्यक्त की है। गर्मी के मामले में इस बार आगरा रिकॉर्ड तोड़ रहा है। 18 साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए मार्च के आखिरी दिन आगरा यूपी में सर्वाधिक गर्म शहर रहा। हालांकि झांसी भी तापमान के मामले में आगरा के बराबर ही रहा। इन दोनों शहरों में अधिकतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक था।
मौसम विभाग ने आगरा हीट वेव चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। अगले तीन दिन तक आसमान से जैसे आग बरसेगी। शुक्रवार सुबह सात बजे से ही धूप में जबरदस्त तेजी है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सलाह दी गई है कि धूप में निकलने से बचें, स्कूल से लौटते बच्चों का भी खास ख्याल रखे जाने की जरूरत है। शुक्रवार सुबह न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है।
सुबह सात बजे से ही गर्मी अपने तेवर दिखाने लगी है। मार्च के महीने में बीते 130 सालों में कभी ऐसी गर्मी नहीं पड़ी। मार्च आखिर में नए सत्र की कक्षाएं आरंभ हुई हैं और स्कूलों में छुट्टी दोपहर 12 या 12.30 बजे हो रही है। उस समय तापमान अपने चरम पर है। गर्मी की वजह से बच्चों में सिर दर्द और उल्टी जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। एसएन मेडिकल कॉलेज में इस समय डी-हाइड्रेशन के जो मामले पहुंच रहे हैं, उनमें से 60 फीसद बच्चे हैं।