आगरा
आगरा के पास मलपुरा कस्बे में झगड़े की सूचना पर चीता पुलिस को पहुंचना भारी पड़ गया। दबंगों ने उनको घेर लिया। लाठी–डंडे से हमला बोल दिया। पथराव भी किया गया। इससे दोनों बुरी तरह लहूलुहान हो गए। बाद में दोनों पुलिसकर्मियों पर तमंचा से फायर झोंक दिया, लेकिन वे गोली से बच गए। मामले में पांच नामजद और तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मामला कस्बा मलपुरा का है। कस्बे की अर्चना देवी ने मंगलवार रात करीब 11 बजे पुलिस को सूचना दी कि आधा दर्जन से अधिक पड़ोस में रहने वाले दबंग उनके घर आ धमके हैं। उन्होंने लाठी–डंडे से हमला बोल दिया है। मेरे बेटों और मेरा गला दबाया है। इसकी जानकारी पर चीता मोबाइल पर तैनात मुख्य आरक्षी देवेंद्र सिंह और आरक्षी अभिषेक पहुंच गए। पुलिस को देख दबंग भड़क गए। उन्होंने लाठी–डंडे से पुलिस पर हमला बोल दिया। छतों से ईंट–पत्थर फेंके। इससे दोनों पुलिसकर्मी बुरी तरह घायल हो गए। वे जान बचाकर निकल रहे थे कि अशोक ने तमंचे से गोली चला दी। गोली से दोनों बच गए। दोनों पुलिसकर्मियों ने मामले की जानकारी थाने पर दी। इसके बाद अन्य पुलिस बल घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा। पुलिस के आने से पहले ही हमलावर भाग निकले। पुलिस दोनों घायलों को अस्पताल ले गई। उन्हें भर्ती कर दिया गया है। थानाध्यक्ष अवनीश कुमार त्यागी ने बताया कि जख्मी देवेंद्र की तहरीर पर नरेंद्र, अजय, दीपक, अशोक, ओमवीर समेत तीन अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा व जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्रामीण महिला अर्चना की ओर से भी दबंगों के खिलाफ तहरीर दी गई थी। इसके आधार पर पुलिस ने नरेंद्र, अजय, दीपक, अशोक, ओमवीर के साथ दिनेश, राधा और पूजा के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है।