आगरा
ताजमहल के प्रतिबंधित क्षेत्र में एक बार फिर ड्रोन ने उड़ान भरी। इसका वीडियो इंटरनेट मीडिया में वायरल हो रहा है। शुक्रवार के बताए जा रहे वीडियो में अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरता ड्रोन ताजगंज की तरफ से आता हुआ और ताजमहल की तरफ जाता नजर आ रहा है।
ताजमहल की 500 मीटर की परिधि में ड्रोन उड़ाना प्रतिबंधित है। इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा आदेश पूर्व में लागू किया गया था। पर्यटकों को जागरूक करने के लिए होटलों में स्टैंडी लगवाई थीं। इसके बाद भी ड्रोन उड़ने पर रोक नहीं लग पा रही है। शुक्रवार शाम ताजमहल के नजदीक किसी ने ड्रोन उड़ाया। ताजगंज की तरफ से आए ड्रोन को हनुमान चौक पर कुछ लोगों ने देखा और उसका वीडियो बना लिया। ड्रोन दक्षिणी गेट की तरफ से होता हुआ ताजमहल की तरफ चला गया। सीओ ताज सुरक्षा जगमोहन सिंह ने बताया कि एएसआइ द्वारा ताजमहल के किए जा रहे सर्वे के लिए ड्रोन उड़ाया गया था। इसकी अनुमति एएसआइ ने ली थी।
28 फरवरी को ताजमहल के नजदीक से प्लेन गुजरा था। यमुना की तरफ से आया प्लेन श्मशान घाट के ऊपर से उड़ान भरते हुए गुजरा था।