राजधानी पटना में CNG नेटवर्क का लगातार विस्तार हो रहा है। इसके साथ ही CNG की खपत में भी कई गुना बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गेल इंडिया ने करीब सात वर्ष पहले पटना में महज तीन CNG स्टेशनों से आपूर्ति की शुरुआत की थी। फरवरी 2025 तक पटना और आसपास के क्षेत्रों में CNG स्टेशनों की संख्या बढ़कर 30 हो चुकी थी।
इसके बाद भी CNG नेटवर्क के विस्तार का सिलसिला जारी रहा। वर्तमान में पटना और आसपास के इलाकों में कुल 41 CNG स्टेशन संचालित हो रहे हैं। बढ़ते नेटवर्क के साथ CNG की मांग और आपूर्ति में भी लगातार इजाफा हुआ है।
गेल के महाप्रबंधक एके सिन्हा के मुताबिक, वित्त वर्ष 2019-20 में पटना में 19 लाख किलो CNG की आपूर्ति हुई थी। अगले वित्त वर्ष 2020-21 में यह आंकड़ा बढ़कर 47 लाख किलो हो गया।
वित्त वर्ष 2021-22 में CNG की आपूर्ति में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई और यह 1.27 करोड़ किलो तक पहुंच गई। इसके बाद 2022-23 में आपूर्ति बढ़कर 2.52 करोड़ किलो हो गई। वहीं, वित्त वर्ष 2023-24 में CNG की आपूर्ति 3.14 करोड़ किलो दर्ज की गई।
आंकड़ों से स्पष्ट है कि पिछले कुछ वर्षों में पटना में CNG के नेटवर्क के साथ-साथ इसकी खपत और आपूर्ति में भी तेज वृद्धि हुई है।c







