बलूच लिबरेशन आर्मी ने सोमवार को दावा किया कि उसने 15 अप्रैल से 25 अप्रैल के बीच पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के कई जिलों में 27 ऑपरेशन किए। BLA ने यह भी दावा किया कि इन ऑपरेशन के तहत कम से कम 42 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया गया।
BLA ने 27 ऑपरेशन में मारे 42 सैनिक
‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ ने BLA के प्रवक्ता जीयांद बलूच के एक बयान का हवाला देते हुए बताया कि BLA के लड़ाकों ने पाकिस्तानी सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) धमाके, घात लगाकर हमले, छापे और ड्रोन हमले किए।
रिपोर्ट में दावा किया गया कि इस दौरान 42 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए साथ ही कई अन्य घायल हुए। इस ऑपरेशन में एक सैनिक को जिंदा पकड़ लिया गया।
कई इलाकों पर किया कब्जा
रिपोर्ट्स में BLA के हवाले से यह भी दावा किया गया कि उसने हथियार जब्त किए और अलग-अलग इलाकों में सुरक्षा बलों की कई चौकियों पर कुछ समय के लिए कब्जा भी किया। ग्रुप ने आगे दावा किया कि इस ऑपरेशन में उसके तीन लड़ाके भी मारे गए।
बयान में कहा गया कि उसके लड़ाकों ने सोहंडा इलाके में आगे बढ़ रहे सैनिकों को रिमोट-कंट्रोल्ड IED से निशाना बनाया, जिसके बाद घात लगाकर हमला किया गया, जिसमें कथित तौर पर कई सैनिक मारे गए।
TBP के मुताबिक, BLA ने यह भी दावा लगाया कि आस-पास के नागरिक इलाकों में बाद में किए गए ऑपरेशनों में 11 लोगों की मौत हो गई।
पाकिस्तान कोस्ट गार्ड को बनाया था निशाना
यह घटना उस घटना के कुछ सप्ताह बाद सामने आई है, जब बलूच लड़ाकों ने ईरान सीमा के पास अरब सागर में गश्त कर रही पाकिस्तान कोस्ट गार्ड की एक नाव पर गोलीबारी की थी, जिसमें तीन जवान मारे गए थे। सुरक्षा अधिकारियों ने इस घटना को समुद्री सुरक्षा पोत पर अपनी तरह का पहला हमला बताया था।
खुफिया और पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वह नाव पाकिस्तान-ईरान तटीय सीमा के पास अपनी नियमित गश्त पर थी, तभी उस पर हमला हुआ जिसमें नाव पर सवार तीनों जवान मारे गए।
