आगरा
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने परिवार के साथ ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। अपने फेवरेट क्रिकेटर को देख पर्यटक उत्साहित हो गए। राहुल के साथ सेल्फी लेने के लिए पर्यटकों ने प्रयासस किया लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने पर्यटकों को उनके पास जाने नहीं दिया। इससे पूर्व राहुल द्रविड़ शनिवार को फतेहपुर सीकरी गए थे।
बता दें कि भारतीय क्रिकेट टीम की दीवार कहे जाने वाले राहुल द्रविड़ रविवार को परिवार सहित ताजमहल पहुंचे। स्मारक के भ्रमण के साथ ताजमहल की नक्काशी के बारे में उन्होंने जानकारी ली। इससे पूर्व शनिवार को फतेहपुर सीकरी में भ्रमण करने के साथ उन्होंने सूफी संत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में सजदा किया। चादरपोशी कर उन्होंने मन्नत का धागा बांधा। द्रविड़ के सीकरी आने की जानकारी मिलने के बाद उनके प्रशंसक वहां जुट गए, लेकिन पुलिस ने किसी को उनके नजदीक नहीं जाने दिया।
भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ शनिवार सुबह करीब आठ बजे फतेहपुर सीकरी पहुंचे थे। उनके साथ उनकी पत्नी विजेता और बेटे समित व अन्वय थे। द्रविड़ पुलिस के सुरक्षा घेरे में स्मारक के दीदार को पहुंचे थे। लाल टीशर्ट, ब्लैक ट्राउजर और कैप पहने द्रविड़ को वीआइपी गेट से स्मारक में प्रवेश करते ही पर्यटकों व प्रशंसकों ने पहचान लिया और उनके नजदीक जाने की काेशिश की। पुलिस ने किसी को उनके नजदीक नहीं जाने दिया। द्रविड़ ने सूफी संत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह में सजदा किया। चादरपोशी के बाद उन्होंने यहां मन्नत मांगते हुए धागा भी बांधा। स्मारक के इतिहास, वास्तुकला आदि के बारे में उन्होंने गाइड दिनेश गोला से जानकारी की। द्रविड़ ने दीवान-ए-आम, दीवान-ए-खास, चौपड़, आंख मिचौली, खजाना महल, ज्योतिष छतरी, मदरसा, टर्की सुल्ताना, अनूप तालाब, पंच महल, बीरबल पैलेस, अस्तबल, जोधाबाई पैलेस, बुलंद दरवाजा आदि का भ्रमण किया। करीब डेढ़ घंटे तक वह स्मारक में रुके। परिवार के साथ उन्होंने फोटोग्राफी भी कराई।