आगरा
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले अब पुलिस को असलाह फैक्ट्री दिखने लगी हैं। शुक्रवार को पुलिस ने न्यू आगरा क्षेत्र के मऊ गांव के पास यमुना किनारे जंगल में संचालित हो रही अवैध असलाह फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर दिया। इसमें तमंचे और बंदूक बनाई जा रही थीं। खरीददार बनकर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। वहां से बने हुए तमंचे, बंदूक, रायफल, कारतूस और असलाह बनाने का सामान बरामद हुआ है।
न्यू आगरा क्षेत्र के मऊ गांव के पास जंगल में अवैध असलाह बनाने की फैक्ट्री संचालित हो रही थी। फैक्ट्री से संबंधित कुछ लोग तमंचा बेचने को ग्राहक तलाश रहे थे। एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि यह जानकारी मिलने के बाद एक सिपाही को ग्राहक बनाया गया। शुक्रवार को सुबह सिपाही ग्राहक बनकर मऊ के जंगल में पहुंचा।वहां तमंचे और बंदूक बनाई जा रही थी। सिपाही के थोड़ी देर बाद पुलिस टीम पहुंच गई। इसके बाद वहां से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। एक राइफल, बंदूक और चार तमंचे बने हुए मिले। कई तमंचे पूरे नहीं बने थे।उनके पार्टस अलग पड़े थे। गिरफ्तार आरोपितों में ताजगंज के गोबर चौकी निवासी सलीम खान, अछनेरा निवासी आकाश और शाहगंज के पृथ्वीनाथ फाटक निवासी अब्दुल सलाम हैं। छानबीन में पता चला कि तीनों कई बार जेल जा चुके हैं। आरोपितों के कब्जे से 23 कारतूस .12 बोर तथा चार कारतूस .315 बोर के मिले। मौके से जो कच्चा माल बरामद हुआ उससे लगभग पचास तमंचे बनाए जा सकते थे। अवैध असलाह फैक्ट्री का पर्दाफाश करने वाली टीम में एसओ न्यू आगरा अरविंद निर्वाल, एसआइ हरीश कुमार और उनकी टीम शामिल थी।