आगरा
मकर संक्रांति का पर्व है। सीजन का सबसे ज्यादा घना कोहरा आज ही के दिन है। हाईवे से लेकर शहर के अंदरूनी मार्गों पर दृश्यता शून्य है। वाहन चालकों को वाहन चलाने में मुश्किल आ रही है। यमुना एक्सप्रेस वे और लखनऊ एक्सप्रेस वे पर तो वाहनों को सड़क किनारे खड़ा कर लिया गया है, लोग कोहरा छंटने का इंतजार कर रहे हैं। सुबह 8.30 बजे तक हाल ये रहा कि 50 मीटर तक देख पाना मुश्किल हो रहा था। बहुत जरूरी नहीं था तो लोगों ने सफर को कुछ समय टाल देने में ही भलाई समझी।
शुक्रवार सुबह से ही घना कोहरा छाया हुआ है। सुबह घर से बाहर निकले लोगों के सामने यह दुश्वारियां पैदा कर रहा है। इससे सुबह पार्कों में कम लोग दिखाई दिए। साथ ही सर्द हवा जारी है। इस सीजन में अब तक ऐसा कोहरा नहीं पड़ा था, इधर राहत ये भी रही है कि रात के समय भी कोहरा नहीं है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दोपहर में तेज धूप निकलेगी, साथ ही सर्द हवा चलती रहेगी। इसके साथ ही आगामी दो दिन और घना कोहरा छाया रहेगा। न्यूनतम तापमान सामान्य आठ डिग्री सेल्सियस से दो डिग्री सेल्सियस कम छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 17 जनवरी से मौसम बदल जाएगा। बादल छाने के साथ बारिश हो सकती है, 18 जनवरी से धूप निकलेगी।