आगरा
आगरा में हर घंटे 11 नए मामले कोरोना वायरस के रिपोर्ट हो रहे हैं। तेजी से संक्रमण बढ़ रहा है लेकिन लोग अब भी लापरवाह बने हुए हैं। हालात ये हैं कि हर दिन 250 से अधिक मामले सामने आ रहे हैं। यही स्पीड रही तो 15 जनवरी तक एक्टिव केस 2500 पार होंगे। प्रशासन ने कोविड हॉस्पिटल की सूची जारी कर दी है, शहर में 15 अस्पतालों में कोविड का इलाज कराया जा सकता है। मंगलवार को 277 नए केस आए थे, जबकि एक्टिव केस 1500 के करीब पहुंच गए हैं। प्रदेश सरकार की गाइडलाइंस के मुताबिक 1000 एक्टिव केस वाले शहरों में जिम, स्विमिंग पूल, पार्क बंद करा दिए गए हैं। वहीं होटल, रेस्टोरेंट, सिनेमाघर 50 फीसद क्षमता पर संचालित होंगे। सोमवार को 260 नए केस आए थे, जबकि रविवार को 236 केस आए थे। एक्टिव केस 1495 हो चुके हैं। प्रशासन द्वारा जारी कोरोना अपडेट के अनुसार अब तक संक्रमितों की कुल संख्या 27298 हो गई है। अब तक कुल 25344 लोग स्वस्थ हुए हैं। सरकारी आंकड़ों में मृतक संख्या 458 है। मंगलवार तक 2242498 लोगों के टेस्ट हो चुके थे। मंगलवार को एक दिन में कुल 4848 सैंपल जांचे गए हैं। ठीक होने की दर गिरकर 92.84 फीसद पर आ गई है। कुछ समय पहले तक ये 98.20 पर स्थिर सी थी। आगरा में 1762504 लोगों को वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं।
नाइट कर्फ्यू 10 से सुबह छह बजे तक
जिले में नाइट कर्फ्यू 10 से सुबह छह बजे तक लागू रहेगा। नाइट कर्फ्यू का पालन सख्ती के साथ कराया जाएगा। जिससे 10 बजे से पहले बाजार बंद हो जाएं। बंदी लागू, साप्ताहिक बाजारों पर नजर रखेगी पुलिस और मजिस्ट्रेट बाजारों की साप्ताहिक बंदी का सख्ती से पालन कराया जाएगा। वहीं, कई क्षेत्रों में साप्ताहिक बाजार लगते हैं। सोमवार को राजा की मंडी, फव्वारा में साप्ताहिक बाजारों में भीड़ लगी रही। यहां नजर रखने के लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस तैनात की जाएगी।