बसों को लेकर कांग्रेस और भाजपा सरकार के बीच चल रही तनातनी अब खुलकर सामने आ रही है। मंगलवार को आगरा मंडल पहुंचे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रवासी मजदूरों की सेवा करना चाहती है, लेकिन सरकार इस सेवा में अड़ंगा डाल रही है। कांग्रेस बस देने को तैयार है, लेकिन सरकार तरह- तरह से बाधा डाल रही है। लल्लू और कांग्रेस विधानमंडल के पूर्व नेता प्रदीप माथुर मथुरा के बाद शाम को फतेहपुरसीकरी बार्डर पर राजस्थान सीमा पर धरना देने पहुंच गए। उनके साथ स्थानीय कांग्रेसी भी थे। इधर राजस्थान से कांग्रेस नेता भी सीमा पर आ डटे। दोनों सीमाओं पर 50 मीटर के फासले पर उत्तर प्रदेश और राजस्थान के नेताओं ने धरना देना शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ते देख आगरा से आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस अध्यक्ष समेत अन्य कांग्रेसियों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू और विवेक बंसल पर फतेहपुर सीकरी थाने में 188, 269 और महामारी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।