800 के पार कोरोना संक्रमण केस और 27 मौत का दाग अपने दामन में लिये ताजनगरी को लॉकडाउन 4 में भी कोई राहत नहीं है। हालाकि शहरवासियों को उम्मीद थी कि लॉकडाउन 4 के दौरान अन्य जिलों की तरह शायद आगरा को भी कुछ सुविधाएं मिल जाएं या कुछ बंदिशेें हट जाएं लेकिन मौजूदा हालात इस ओर इशारा नहीं कर रहे। जिला प्रशासन अधिनस्थों के साथ फिलहाल बैठक कर रहा है। आगरा के 44 हॉटस्पॉट का दौरा भी आला अधिकारी दोपहर में कर चुके हैं। जिसके बाद उम्मीद जताई जा रही है कि कुल 44 हॉटस्पॉट में से कुछ की संख्या घट जाए। बहरहाल प्रदेश में संक्रमण के मामले में टॉप पर रहने वाले आगरा को आगे के दिनाेें में भी लॉकडाउन के कड़े नियमों के साथ ही गुजारने की पूरी संभावना है।
17 मई की रात 12 बजे खत्म होने वाले लॉकडाउन 3 से पहले ही केंद्र सरकार ने लॉकडाउन 4 की घोषण कर दी है। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) ने भारत सरकार के मंत्रालयों / विभागों, राज्य सरकारों और राज्य प्राधिकरणों को लॉकडाउन 31 मई, 2020 तक लॉकडाउन 4 जारी रखने का निर्देश दिया है। लॉकडाउन के दौरान नियम और सख्ती को रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन के अनुसार विभाजित किया गया है। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों पर यह छोड़ दिया है कि वे अपने प्रदेश के किस जिल में क्या बंदिश रखना चाहती है और क्या छूट देना चाहती हैं। राज्य सरकारों ने भी जिला प्रशासन पर सख्ती और छूट संक्रमण की संख्या के हिसाब से रखने का आदेश दे दिया है। इसके बाद से ही आगरा प्रशासन शहर को रेड जोन में शामिल करते हुए यहां नियमों के पालन करवाने की तैयारी में जुट गया है। जिलाधिकारी पीएन सिंह के अनुसार आगरा को रेड जोन में शामिल किया गया है। प्रदेश सरकार से दिशा निर्देश आते ही शहर में सख्ती और छूट की घोषणा कर दी जाएगी।