आगरा
आगरा में मार्च, अप्रैल और मई के बाद इस बार जून का आगाज भी बीते साल से ज्यादा गर्म है। दो जून को तापमान में छह डिग्री सेल्सियस का अंतर देखा गया, जबकि तीन जून को तीन डिग्री पारा इस बार ज्यादा रहा। मई में पारा बीते साल से 4 से 5 डिग्री तक ऊपर था। मई में अधिकतम तापमान 47.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जो रिकॉर्ड तोड़ने के करीब था। इस बार भी जून में मौसम के तेवर रिकॉर्ड तोड़ने जैसे महसूस हो रहे हैं।
शुक्रवार को आगरा प्रदेश का चौथा गर्म शहर रहा। सूबे में सबसे गर्म प्रयागराज रहा, जहां पारा 45.1 डिग्री दर्ज किया गया, वाराणसी दूसरा और झांसी तीसरा गर्म शहर रहा। आगरा 44.2 डिग्री तापमान के साथ चौथा गर्म शहर रहा। बृहस्पतिवार के मुकाबले तापमान में एक डिग्री की गिरावट आई, लेकिन लू के थपेड़ों ने लोगों को परेशान किया। दोपहर बाद बादल छाए, पर गर्मी से राहत नहीं मिल पाई। उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों में तापमान 45 से 46 डिग्री के बीच बना रहेगा और लू के थपेड़े बेहाल करते रहेंगे।