आगरा
दयालबाग में खासपुर मोड़ पर शुक्रवार को दीवार के निर्माण को लेकर विवाद हो गया। दीवार का निर्माण करा रहे सत्संगियों का ग्रामीणों ने विरोध किया। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।
सीओ हरीपर्वत सत्य नारायण ने बताया कि दयालबाग में पोइया घाट मार्ग गांव खासपुर मोड़ पर शुक्रवार की शाम को सत्संग सभा दीवार का निर्माण करा रही थी। गांव के लोगों ने इसका विरोध किया। उनका आरोप था कि दीवार खेतों से बाहर बनाई जा रही है। वह जमीन गांव के रास्ते में आती है।
वहीं सत्संग सभा के पदाधिकारियों का कहना था दीवार अपनी जमीन पर बना रहे हैं। जिसे लेकर विवाद होने की जानकारी पर पुलिस पहुंची थी। पुलिस ने दोनों पक्ष से बातचीत के बाद फैसला किया जमीन की पैमाइश कराई जाएगी। इसक लिए शनिवार को राजस्व विभाग की टीम को बुलाया गया है। पैमाइश होने तक निर्माण कार्य को रोक दिया गया है।