आगरा
आगरा की गर्मी से अगर पक चुके हैं और समुंदर की लहरों का आनंद लेना चाहते हैं तो एक शार्ट ट्रिप मुंबई या गोवा की भी प्लान की जा सकती है। आगरा से मुंबई के लिए अब फ्लाइट हफ्ते में दो की बजाय तीन दिन सुलभ रहेगी। पहले से बुकिंग करा लेंगे तो किराया भी कम पड़ेगा। इसके साथ ही इंडिगो एयरलाइंस आगरा एयरपोर्ट से अहमदाबाद की भी फ्लाइट अगले माह से शुरू करने जा रही है।
इंडिगो एयरलाइंस के विकास डेल्टा ने बताया कि मुंबई-आगरा फ्लाइट अब तक मंगलवार और गुरुवार को संचालित हो रही थी। अब ये रविवार को भी उपलब्ध रहेगी। इससे यात्रियों को काफी सहूलियत होगी। उन्होंने बताया कि दो जून से आगरा-अहमदाबाद फ्लाइट शुरू होगी।
ये फ्लाइट प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को उपलब्ध रहेगी। मुंबई से यह फ्लाइट दोपहर ढाई बजे खेरिया हवाई अड्डे पर आएगी। आधा घंटे बाद यानि तीसरे पहर तीन बजे यहां से मुंबई के लिए उड़ान भरेगी। फुल चलने वाली यह फ्लाइट नौ महीने में तीन बार बंद हो चुकी थी। 22 जुलाई 2021 को इस फ्लाइट की शुरुआत हुई थी। सिर्फ एक माह चलने के बाद कोरोना के बढ़ते संक्रमण के बीच अगस्त में बंद हो गई थी। इसके बाद 14 दिसंबर 2021 को फिर से शुरू हुई। इसी साल 18 जनवरी को इसे फिर से बंद कर दिया गया। बीते दो मार्च को ही ये शुरू हुई थी लेकिन इंडिगो एयरलाइंस ने 25 मार्च को अचानक इसे फिर से बंद कर दिया था। जबकि ये फ्लाइट फुल चल रही थी।
आगरा आने और यहां से जाने वाले यात्रियों की संख्या 150 से अधिक ही रहती थी। इसके बावजूद इसे बंद किया गया। अब इंडिगो एयरलाइंस ने पांच मई से दुबारा से शुरू किया है। लंबे समय से स्थगित चल रही अहमदाबाद-आगरा फ्लाइट भी दो जून से शुरू होने जा रही है। इसके लिए इंडिगो एयरलाइंस ने टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है।
वर्तमान में आगरा से बेंगलुरु, भोपाल और लखनऊ के लिए सीधी हवाई सेवा उपलब्ध है।
मुंबई, अहमदाबाद फ्लाइट शुरू होने के बाद आगरा से पांच शहरों के लिए सीधी हवाई सेवा होगी। इसके लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। दो जून से अहमदाबाद फ्लाइट के लिए भी इंडिगो एयरलाइंस ने टिकट बुकिंग शुरू कर दी है