आगरा
शाहगंज में एक महीने पहले बीएसएफ जवान के घर लूट करने वाले बदमाशों से शुक्रवार रात पुलिस की मुठभेड़ हाे गई। घेराबंदी पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों को गोली लगी है। पुलिस ने चार बदमाशों को दबोच लिया।
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि वायु विहार स्थित ब्रज नगर कालोनी में 12 अप्रैल को बदमाशों ने बीएसएफ जवान उर्वेश के घर पर धावा बोल दिया था। उनकी पत्नी रेखा को तमंचे की बट से घायल कर दिया था। पत्नी व बेटी के साहस के चलते बदमाशों को भागना पड़ा था। पुलिस और स्वाट की टीम को घटना के पर्दाफाश में लगाया गया था। शुक्रवार की रात काे पुलिस को वायु विहार इलाके में बदमाशों के होने की सूचना मिली।
शाहगंज पुलिस ने एसओजी और स्वाट के साथ बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों और पुलिस के बीच गोलियां चलीं। जिसमें दो बदमाशों के पैरों में गोली लगी है। घायल बदमाशों के नाम निजाम और इरशाद अली हैं। दोनों 12 बीघा अब्बास नगर थाना रामगढ़ फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। मुठभे़ड़ के दौरान संजू और बदमाश उर्फ अजमेरउद्दीन भाग गए थे। पुलिस ने घेराबंदी करके उक्त दोनों को भी दबोच लिया। वह दोनों भी फिरोजाबाद के रहने वाले हैं। बदमाशों से तीन तमंचे और जिंदा कारतूस व बाइक बरामद की हैं।
बीएसएफ जवान की पत्नी रेखा और अवनि ने घर घुसे बदमाशों को अपने साहस और सूझबूझ से भागने को मजबूर कर दिया था। रेखा बदमाशों से भिड़ गई थीं। इस बीच बेटी अवनि ने घर से बाहर भागकर शोर मचा दिया था। जिससे कालोनी के लोगों को अपनी ओर आता देख बदमाश वहां से भाग गए थे। बदमाश रेखा के पर्स में रखे पांच हजार रुपये ही लूटकर ले जा सके थे।