आगरा
बादलों और सूरज के बीच चली लुकाछिपी ने पारे को एक डिग्री कम कर दिया है, लेकिन उमस ने लोगों की बैचेनी बढ़ा दी है। दोपहर में तेज धूप और उमस से लोग काफी परेशान नजर आ रहे हैं। बेलगिरी के जूस, नींबू पानी और गन्ने के रस की दुकानों पर दोपहर में लोगों की काफी भीड़ लग रही है। हालांकि शाम को चल रही तेज हवाएं कुछ राहत दे रही हैं। बुधवार शाम को दिल्ली एनसीआर और आगरा के आसपास के इलाकों में हुई बारिश ने आगरा में भी हवा ठंडी कर दी।
गर्मी से शहरवासियों को अभी राहत नहीं मिल रही है। गुरुवार सुबह हल्के बादल छाए रहे। लेकिन 11 बजते ही तेज धूप ने परेशानी बढ़ा दी। पसीने में भीगे लोग अपने कामों में लगे हुए हैं। कूलर और पंखे की ठीक नीचे ही पसीना नहीं आ रहा है, इनसे दूर होते ही पसीना टपकने लगता है। दोपहर के समय स्कूल से निकले बच्चे गर्मी से बचाव के लिए खुद को ढकते, ठंडे पेय पदार्थ पीते और आइसक्रीम का मजा लेते दिखाई दे रहे हैं।
गुरुवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 23.6 डिग्री दर्ज हुआ है। इससे पहले बुधवार को अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सात मई से लू चलेगी और पारा चढ़ेगा।