आगरा
मई में क्या होगा, जब अप्रैल में ये हाल है, लोग यही सोच−सोचकर परेशान हैं। तापमान, इस साल कई साल पुराने रिकार्ड तोड़ रहा है। गुरुवार को अधिकतम तापमान 45.6 डिग्री पर पहुंच गया है, इससे पहले सन 1979 में इतना तापमान हुआ था। गर्मी के लिए मशहूर राजस्थान में भी इतनी गर्मी नहीं पड़ रही, जितनी आगरा में है। मौसम विभाग का कहना है कि शु्क्रवार को भी तापमान कम नहीं होने वाला। दो मई तक यहां हीट वेव का सामना करना पड़ेगा।
आगरा में शुक्रवार सुबह से ही हाल बेहाल हो चला है। सुबह न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। डाक्टरों की सलाह है कि गर्मी से बचाव कर के रखें। दरअसल शहर के सभी स्कूल खुले हुए हैं। दोपहर 12 से एक बजे के बीच छुट्टी हो रही है। तपती दोपहरी में बच्चे घर लौट रहे हैं बीमार पड़ रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिक पवन सिसौदिया ने बताया कि 1997 में अप्रैल में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। इस बार आंधी न चलने और बारिश न होने से तापमान लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले अप्रैल में 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक तापमान नहीं रहा है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अभी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। इसके साथ ही लू भी चलेगी। दो मई तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा।
धूप में बाहर निकल रहे लोगों को सिर में दर्द की समस्या हो रही है। इसके साथ ही आंखें लाल होने के साथ दर्द हो रहा है। धूप में ज्यादा देर रहने से मांसपेशियों में दर्द हो रहा है। लोगों को चक्कर आ रहे हैं।
एसएन मेडिकल कालेज, जिला अस्पताल के साथ ही निजी क्लीनिक पर उल्टी दस्त और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। स्कूल जा रहे बच्चों को धूप से आने के बाद ठंडे पेय पदार्थों का सेवन करने से सर्दी जुकाम और बुखार की समस्या हो रही है।