आगरा
भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी ने बटेश्वर में जिस होटल का लोकार्पण किया था, उसे पर्यटन निगम द्वारा लीज पर उठाने की तैयारी है। उप्र पर्यटन निगम ने इसके संचालन व विकास के लिए रुचि की अभिव्यक्ति (एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट) के आधार पर निविदाएं आमंत्रित की हैं। बटेश्वर स्थित पर्यटन निगम का राही टूरिस्ट बंगला वर्षों से बदहाल है और यहां कोई पर्यटक नहीं रुकता।
बटेश्वर में उप्र पर्यटन निगम का होटल राही टूरिस्ट बंगला है। इसका लोकार्पण छह अप्रैल, 1999 को तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने किया था। उन्होंने तब बटेश्वर स्टेशन का शिलान्यास भी किया था। यह होटल एक दशक से अधिक समय से बदहाल है। यहां न तो कोई पर्यटक आता है और न यहां पर रुकता है। देखरेख के लिए केवल एक चपरासी यहां तैनात है। उप्र पर्यटन निगम ने ऐसी संपत्तियों को अब लीज पर देने की तैयारी की है, जो बदहाल हैं या घाटे में चल रही हैं। इनमें बटेश्वर स्थित पर्यटन निगम का होटल भी शामिल है। इसके लिए भारतीय कंपनी अधिनियम, भारतीय साझेदारी अधिनियम, कोआपरेटिव सोसायटी में पंजीकृत कंपनियां और फर्में ही आवेदन कर सकेंगी।
राही टूरिस्ट बंगला, बटेश्वर के प्रबंधक अतुल रोहतगी ने बताया कि निदेशालय के स्तर से आगरा व मथुरा के होटलों के संचालन व विकास को एक्सप्रेशन आफ इंटरेस्ट के आधार पर निविदाएं आमंत्रित की हैं। यह होटल काफी समय से बंद हैं।