फर्रुखाबाद में बाढ़ का कहर: डूबने से 70 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, बूढ़ी गंगा में मिला शव

फर्रुखाबाद। जिले में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के साथ बाढ़ का असर लगातार गंभीर होता जा रहा है। बाढ़ के कारण जहां पहले मकानों के गिरने की घटनाएं सामने आई थीं, वहीं अब डूबने से एक बुजुर्ग की मौत का मामला सामने आया है। थाना कंपिल क्षेत्र के अर्जुन नगला गांव निवासी 70 वर्षीय महेश यादव रविवार को भैंस चराने के लिए खेत की ओर गए थे। इसके बाद वह देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे।

महेश यादव के घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। इसी बीच सोमवार सुबह कुछ ग्रामीणों की नजर बूढ़ी गंगा में बाढ़ के पानी में उतराते शव पर पड़ी।

ग्रामीणों ने शव को पानी से बाहर निकाला तो उसकी पहचान महेश यादव के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

बताया जा रहा है कि बूढ़ी गंगा में इस समय गंगा नदी की बाढ़ का पानी भरा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि भैंस चराने के दौरान महेश यादव बाढ़ के पानी की चपेट में आ गए होंगे। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।

Hot this week

Topics

spot_img

Related Articles

Popular Categories

spot_imgspot_img