देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। इसके साथ ही स्वस्थ होने वाले लोगों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। देश में कोरोना के कुल 4,10,461 मरीज हैं, इसमें से अब तक 2.27 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.69 लाख एक्टिव केस बचे हैं। जानलेवा वायरस से अब तक 13,254 लोगों की मौत हो चुकी है।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के सर्वाधिक 15,413 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 306 लोगों की मौत भी हुई है। देश में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या 4 लाख 10 हजार 461 पहुंच गई है। इसमें से 2,27,755 लोग ठीक हो चुके हैं, 1,69,451 एक्टिव मामले हैं, जबकि कुल 13,254 लोगों की जान जा चुकी है।
नहीं चलेगी चीन की दादागीरी: चीनी सेना ने योजनाबद्ध तरीके से भारतीय सैनिकों पर गलवन में हमला किया
कोरोना महामारी के बीच चीन ने लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा यानी एलएसी पर भारतीय सैनिकों को जिस तरह छल से निशाना बनाया उससे यह साफ है कि उसके इरादे खतरनाक हैं। बीते कुछ दिनों में चीनी सेना ने लद्दाख के साथ सिक्किम में भी भारतीय सीमा में छेड़छाड़ की जो कोशिश की वह महज दुर्योग नहीं हो सकती। चीन भारतीय सीमाओं का अतिक्रमण करने की कोशिश जानबूझकर कर रहा है, यह इससे पता चलता है कि उसने एलएसी पर यथास्थिति बनाए रखने के लिए बनी सहमति का उल्लंघन किया। यह मानने के पर्याप्त कारण हैं कि चीनी सेना ने योजनाबद्ध तरीके से भारतीय सैनिकों पर हमला किया।चीन के हमलावर रुख के पीछे कई कारण नजर आते हैं। एक तो यह कि वह कोरोना वायरस फैलाने में अपनी संदिग्ध भूमिका से दुनिया का ध्यान हटाना चाहता है। इस वायरस के संक्रमण से न केवल लाखों लोग मारे गए हैं, बल्कि दुनिया आर्थिक मंदी की चपेट में भी आ गई है। कई विकसित देश उसे आड़े हाथ ले रहे हैं। चीन को लगता है कि भारत उसके खिलाफ विकसित देशों संग खड़ा हो रहा है। ध्यान रहे अमेरिकी राष्ट्रपति ने हाल में जहां चीन को कठघरे में खड़ा किया वहीं भारतीय प्रधानमंत्री को जी-7 सम्मेलन में निमंत्रित किया।चीन से त्रस्त ऑस्ट्रेलिया भी भारत से अपनी निकटता बढ़ा रहा है। चीन की दादागीरी से परेशान जापान पहले से ही भारत के साथ है। चीन इससे भी सहमा है कि क्वॉड के जरिये भारत अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और जापान के साथ मिलकर उसकी घेरेबंदी कर रहा है, लेकिन गलवन में उसकी हरकत से तो भारत इस गठबंधन को मजबूती देना ही पसंद करेगा।
सिक्किम में 18 हजार फीट से ज्यादा की ऊंचाई पर जवानों ने किया योग
दुनियाभर में कोरोना वायरस (COVID-19) संकट के बीच आज आंतरारष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। इस दौरान भारत-चीन सीमा पर तैनात जवानों ने योगा किया। आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों ने लद्दाख के खारदुंग ला में बर्फ की चादर पर 18,000 फीट की ऊंचाई और उत्तराखंड में बद्रीनाथ के पास वसुधारा ग्लेशियर पर 14,000 फीट की ऊंचाई पर योग किया। अरुणाचल प्रदेश में आइटीबीपी (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) पशु प्रशिक्षण स्कूल (एटीएस), लोहितपुर के कर्मियों ने आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर घोड़ों के साथ योग किया। आइटीबीपी के जवानों ने उत्तरी सिक्किम में 18,800 फीट की ऊंचाई पर योग किया।
बता दें कि कोरोना मद्देनजर लोग एक जगह एकत्र नहीं हो सकते, ऐसे में इस साल योग दिवस पर कोई सामूहिक आयोजन नहीं हो रहा है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से लोगों की जोड़ने की तैयारी है। इस आयोजन की थीम ‘घर पर करें योग और परिवार के साथ करें योग’ (Yoga at Home and Yoga with Family) है। गौरतलब है कि पीएम मोदी के पहल पर 2015 से हर साल 21 जून को योग दिवस मनाया जा रहा है।
न वायरस पर अंकुश और न बढ़ती मौताेें पर काबू
ताजनगरी के इतिहास में यह पहला ऐसा वायरस होगा, जो अब तक 75 जान ले चुका है और अब भी काबू में नहीं आ रहा। हर दिन दो से तीन मृत्यु रिपोर्ट हो रही हैं। इस रफ्तार को देख लग रहा है कि जून खत्म होने तक ताजनगरी में CoronaVirus से मौत का आंकड़ा 100 को पार कर जाएगा। गौरतलब है कि ताजनगरी में शनिवार को दो और लोगों की जान चली गई थी। शहर में मृतक संख्या बढ़कर 75 हो चुकी है। वहीं शनिवार रात को आठ नए और मामले सामने आने से कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1132 पर पहुंच गया था। 15 मरीजों के ठीक होने के बाद अब तक अागरा में 929 लोग ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में 128 एक्टिव केस शहर में हैं। शनिवार तक 18559 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं, शुक्रवार रात तक 18287 लोगों के सैंपल हुए थे। आगरा में ठीक होने वाले लोगों की दर 81.71% पर आ गई है। शनिवार को दर्ज हुईं मौतों में एक 54 वर्ष की महिला एवं 58 वर्ष के पुरुष हैं।
सैलून पर लगी रोक हटी पर मानने होंगे ये नियम
सरकारी कार्यालय, बाजार, होटल, रेस्टोरेंट के बाद आज से नगर क्षेत्र के सैलून भी ‘अनलॉक’ हो गए हैं। अपर जिलाधिकारी नगर डा. प्रभाकांत अवस्थी और पुलिस अधीक्षक नगर बोत्रे रोहन प्रमोद ने आदेश जारी कर दिया। सैलून संचालकों को बाजार खुलने के संबंध में पूर्व में दिए गए निर्देशों के साथ कुछ नये निर्देशों का भी पालन करना होगा।
हेयर कटिंग से पहले ग्राहकों को सैलून पर अपना आधार कार्ड और मोबाइल फोन नंबर अंकित करना होगा। पुलिस-प्रशासन ने उनके लिए आठ बिंदुओं की एक गाइड लाइन जारी की हैसलमानी समाज एकता कमेटी और सविता सेन महासभा की एडीएम सिटी और एसपी सिटी के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। दोनों अधिकारियों ने 21 जून से नगर क्षेत्र के सभी सैलून शर्तों के साथ खोलने की अनुमति जारी कर दी। इसके अनुसार, सैलून संचालकों को ग्राहकों का आधार कार्ड और मोबाइल फोन नंबर अंकित करना जरूरी होगा। सैलून में प्रवेश से पहले हेयर कटिंग कराने वाले आने वाले व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग करनी होगी। बता दें कि अनॅलॉक वन में एक जून से सभी सरकारी कार्यालय खोल दिए गए थे। तीन जून से बाजार और आठ जून से होटल, रेस्टोरेंट और आइसक्रीम पार्लर खोल दिए गए हैं।
बसपा नेता पिंटू ठाकुर की दिनदहाड़े हत्या, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष के घर के बाहर मारी गई गोली
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती को जन्मदिन पर चांद पर जमीन का टुकड़ा उपहार में देने को लेकर चर्चा में आए बसपा नेता नरेंद्र सिंह उर्फ पिंटू ठाकुर कि शनिवार की दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। लालबंगला में सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रेश सिंह के घर के बाहर बाइक से आए बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना है। एसएसपी समेत तमाम पुलिस अधिकारियों ने मौक पर पहुंचकर पड़ताल शुरू कराई और सीमा पर पुलिस को अलर्ट कर दिया है।
पाकिस्तान ने हथियार बांधकर भारतीय सीमा में भेजा ड्रोन, बीएसएफ ने मार गिराया
पाकिस्तान अपनी नापाक हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। बॉर्डर पार से भारतीय सीमा में रेकी करने के मकसद से भेजे गए पाकिस्तानी ड्रोन को बीएसएफ ने मार गिराया है। हीरानगर सेक्टर के रठुआ गांव में सुबह पांच बजे के करीब इसे जवानों के द्वारा देखा गया। जवानों ने इसे मार गिराया। बताया जा रहा है कि ड्रोन में कुछ हथियार भी बंधे हुए थे। अधिकारियों ने बताया कि ड्रोन के साथ एक राइफल, दो मैगजीन, 60 राउंड और सात ग्रेनेड बंधे हुए थे, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।पाकिस्तान पिछले समय से ड्रोन का काफी इस्तेमाल कर रहा है। कुछ दिनों पहले पंजाब में भी सीमा पर एक ड्रोन को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था। इधर, एलओसी पर भी पाक की ओर से पिछले कुछ दिनों से लगातार फायरिंग हो रही है। इससे एलओसी पर माहौल काफी तनावपूर्ण है। दरअसल, पाकिस्तान इन दिनों इसलिए भी बौखलाया हुआ है, क्योंकि सेना ने जम्मू-कश्मीर से आतंकियों का सफाया करने का अभियान छेड़ा हुआ है। बीते कुछ घंटों में ही 8 आंतकी जम्मू-कश्मीर में मारे जा चुके हैं।
भीषण हादसा, ट्रक में घुसी कार, पांच की मौत
शनिवार सुबह आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे फीरोजाबाद के नसीरपुर के पास दिल्ली से प्रयागराज जा रही तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। कार सवार युवक, एक महिला और तीन बच्चों की मौत हो गयी, जबकि एक महिला की हालत गंभीर है।
हादसा शनिवार सुबह का है। मेजा प्रयागराज निवासी रजनेश पांडे अपनी ईऑन कार से दिल्ली से प्रयागराज जा रहे थे। कार में रजनेश के अलावा पत्नी प्रियंका, प्रियंका की बहन रूबी तिवारी, तीन बच्चे सात वर्षीय लक्ष्य, 17 वर्षीय केशव और 5 वर्षीय नंदिनी भी साथ थे। आगरा लखनऊ एक्सप्रेस पर फीरोजाबाद के नसीरपुर पर कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे के वक्त एक्सप्रेस वे से गुजर रहे अन्य वाहन सवारों ने टोल प्लाजा पर तत्काल जानकारी दी। इसके बाद पुलिस एवं टोल कर्मी मौके पर पहुंच गए। कार सवार सभी लोग कार में फंस गए थे। बामुश्किल उन्हें बाहर निकाला गया। कार सवार रजनेश, रूबी और तीनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि प्रियंका घायल थी। एंबुलेंस बुलाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस को कार से मिले आधार कार्ड से सभी की पहचान हो सकी। जिसके बाद उनके परिवार से संपर्क किया जा सका। घटना की जानकारी पर एसएसपी सचिन्द्र पटेल पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार के परखच्चे बुरी तरह से उड़े हैं। कयास लगाए जा रहे हैं कि हादसा शायद चालक को झपकी लगने से हुआ हो। कार की स्पीड भी अधिक हो सकती है। जिसके चलते कार नियंत्रण खो बैठी और आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। मृतकों के परिजन अभी पहुंचे नहीं हैं।बताया जा रहा है हादसे में मारी गई रूबी दिल्ली रहती थी। बहन के परिवार के साथ प्रयागराज जा रही थी।
कहीं बड़े खतरे की ओर तो नहीं बढ़ रहा आगरा
CoronaVirus के संक्रमण को शहर में अब तीन महीने से ज्यादा समय हो चुका। इस पर काबू तो हो नहीं पा रहा, अलबत्ता एक बड़े खतरे की ओर शहर बढ़ रहा है। जैसा देशभर में कहा जा रहा है कि मानसून के सीजन में यह और कहर बरपाएगा, यदि यह बात सही है तो एक सप्ताह बाद ताजनगरी में मानसून सक्रिय होगा और अनलॉक हए बाजारों में उमड़ी भीड़ कोरोना की वह कैरियर होगी, जिसे रोक पाना या संभाल पाना मुश्किल होगा। आगरा में शुक्रवार रात तक वायरस की चपेट में आठ और लोग आने से कुल कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 1124 पर पहुंच चुका है। वहीं एक आैैैर व्यक्ति की मौत होने से मृतक संख्या 73 पर आ गई है। छह मरीजों के ठीक होने के बाद अब तक अागरा में 914 लोग ठीक हो चुके हैं और वर्तमान में 137 एक्टिव केस शहर में हैं। शुक्रवार तक 18287 लोगों के सैंपल लिए जा चुके हैं। वहीं गुरुवार तक 17980 कुल सैंपल हुए थे। यानि एक दिन में 307 लोगों की जांच हुई। कोरोना संक्रमण के शुरुआती दौर में जांच का आंकड़ा 600 से ऊपर रहा था। 44 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहर में 18 हजार सैंपल मामूली ही है। हालांकि आगरा में ठीक होने वाले लोगों की दर 81.02% पर आ गई है। आगरा जनपद मैं टोटल 70 कंटेन्मेंट और बफर जोन में अलर्ट है। इनमें से शहरी क्षेत्र में 47 और देहात क्षेत्र में 23 जोन प्रभावी हैं।
उन्नाव में पत्रकार की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, सरकारी जमीन लूट मामले में की थी शिकायत
कानपुर से सटे गंगाघाट थाना क्षेत्र में बेशकीमती सरकारी जमीन लूट मामले की शिकायत करने पर पत्रकार की उन्नाव-शुक्लागंज रोड पर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। हमलावरों ने साथी संग बाइक से उन्नाव से शुक्लागंज जाते समय पत्रकार पर छह गोलियां दागीं। दो गोलियां सिर में लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बाइक चला रहे साथी ने भागकर जान बचाई। पुलिस को मौके से छह कारतूस व कई खोखे भी मिले हैं। देर शाम आइजी ने भी घटनास्थल की जांच की।गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला पोनी रोड झंडा चौराहा निवासी 28 वर्षीय शुभममणि त्रिपाठी की घर के नीचे मोबाइल शॉप है। वह कानपुर से प्रकाशित एक ङ्क्षहदी दैनिक के प्रतिनिधि भी थे। बीते करीब दो माह से कटरी पीपरखेड़ा क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर हो रहे कब्जों व अवैध निर्माणों की शिकायत अधिकारियों से कर रहे थे। बताते हैं कि इसे लेकर उनकी जिले की सूचीबद्ध भू-माफिया और विश्व हिंदू परिषद नेता से रंजिश बढ़ गई थी। शुक्रवार दोपहर बाद वह अपने साथी मुख्तार अहमद के साथ बाइक से उन्नाव से शुक्लागंज लौट रहे थे। उन्नाव-शुक्लागंज मार्ग स्थित सहजनी के पास उन्हें ताबड़तोड़ कई गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौत हो गई।