HomeUttar Pradeshआगरा में बच्‍चे ने की बड़ी वारदात, दुल्हन की मां का पर्स...

आगरा में बच्‍चे ने की बड़ी वारदात, दुल्हन की मां का पर्स ले उड़ा, दस लाख के थे आभूषण

आगरा

वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन से शादी समारोह से दुल्हन की मां का नकदी व आभूषणें से भरा पर्स चोरी हो गया। पर्स में करीब दस लाख के आभूषण एवं एक लाख रुपये थे। घटना से समारोह में अफरातफरी मच गई। सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर एक दस साल का बालक पर्स को लेकर जाते दिखा है। मुकदमा दर्ज कर पुलिस फुटेज के आधार पर चोर तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

घटना मंगलवार की रात वाटर वर्क्स चौराहा स्थित अग्रवन की है। ट्रांस यमुना कालोनी निवासी प्रापर्टी डीलर पवन गुप्ता की पुत्री की अग्रवन के प्रथम तल पर शादी का कार्यक्रम था। लड़का पक्ष कमला नगर का रहने वाला है। पवन की पत्नी अल्पना गुप्ता के पर्स में करीब दस लाख रुपये के आभूषण और एक लाख रुपये रखे थे। रात करीब सवा नौ बजे अल्पना गुप्ता पर्स को सोफे पर रखकर व्यस्त हो गईं। कुछ देर के लिए उनका ध्यान पर्स से हट गया।

अल्पना गुप्ता की नजर कुछ देर बाद सोफे पर गई तो पर्स को वहां से गायब देखकर उनके होश उड़ गए। इसकी जानकारी देने पर समारोह में अफरातफरी मच गई। वहां मौजूद वेटर आदि से जानकारी की लेकिन पर्स का पता नहीं चला। प्रथम तल पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की। इसमें लगभग दस साल का बालक पर्स लेकर बाहर की ओर जाते दिखाई दे रहा है। जिस पर बरातियों और घरातियों ने बालक को आसपास तलाश किया लेकिन उसका पता नहीं लगा। इंस्पेक्टर कमला नगर उत्तम चंद पटेल ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से बालक का पता लगाने के प्रयास किया जा रहा है।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments