उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद में सोमवार को बस दुर्घटना का शिकार हो गई। थाना महावन क्षेत्र में सोमवार दोपहर बिहार से दिल्ली जा रही स्लीपर बस यमुना एक्सप्रेसवे पर पलट गई। बस में 60 से अधिक सवारियां घायल हुई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल कराया है।
बताया गया है कि स्लीपर कोच बस बिहार के दरभंगा जिले से दोपहर 12 बजे दिल्ली के लिए चली थी। बस में दरभंगा और मधुबनी जिले के करीब 150 मजदूर सवार थे। कोरोना कर्फ्यू समाप्त होने के बाद मजदूर दिल्ली, पानीपत समेत अन्य जिलों में अपने-अपने काम पर लौट रहे थे।
थाना महावन क्षेत्र में बस के पिछले पहिए का एक्सल टूट गया। इससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से चीखपुकार मच गई। करीब 60 सवारियां घायल हो गईं। यात्रियों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं।
सभी अलग-अलग गांवों के थे। बस पलटने से खिड़की भी खुल नहीं पा रही थी। यात्रियों ने बस की खिड़कियों के शीशे तोड़े। तब यात्री बाहर निकल कर आए । घटनास्थल पर एसपी ग्रामीण श्रीश्चंद्र, सीओ सदर गौरव त्रिपाठी, सीओ महावन नीलेश मिश्रा, थाना जमुनापार, वृंदावन, राया, बलदेव और महावन थाने का भी फोर्स पहुंच गया। बस का चालक घटनास्थल से भाग गया।