मानसून अब भी ताजनगरी के लिए छलिया साबित हो रहा है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान दिल को दिलासा तो देते रहे लेकिन तन को तसल्ली नहीं दे पा रहे। शनिवार के बाद रविवार को बारिश की झड़ी लगने के अनुमान भी फेल हो गए। हां, रविवार सुबह शहर के कुछ इलाकों में बारिश की बूंदें जरूर बरसीं और हवा काेे ठंडा कर गईं। पसीना बहाते लोगों को इससे फौरी राहत जरूर मिली है। अब मौसम की भविष्यवाणी से जुड़ीं वेबसाइटों का अनुमान है कि रविवार देर रात बारिश शुरू हो सकती है।
आगरा में रविवार सुबह हुई हल्की बारिश होने से ही तापमान में कुछ गिरावट है। शनिवार के मुकाबले रविवार को अधिकतम तापमान में चार और न्यूनतम में दो डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी, यह 34 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना हैैै। यूवी इंडेक्स अत्यधिक 11 के स्तर पर है और आर्द्रता का स्तर 75 फीसद पर है। मौसम से जुड़ी वेबसाइट एक्यूवेदर.कॉम के अनुसार आगरा में रविवार रात 12 बजे के बाद बारिश हो सकती है। वहीं स्थानीय मौसम विज्ञानियों की मानें तो कम दबाव का क्षेत्र न बन पाने के कारण बादलों का डेरा यहां नहीं हो पा रहा है। हालांकि मानसून सक्रिय होने का समय आ गया है। बारिश में तर-बतर होने में अब ज्यादा समय नहीं लगेगा।