भारतीय फ़िल्म उद्योग में अक्षय कुमार ने बॉक्स ऑफ़िस पर अपनी मजबूत साख बनायी है, जिसके चलते वो दुनिया के सबसे कामयाब सेलेब्रिटीज़ में शामिल हो चुके हैं। अब फोर्ब्स द्वारा जारी World’s Highest-Paid Celebrities 2020 लिस्ट में अक्षय की एंट्री हुई है। लिस्ट में जगह पाने वाले वो अकेले भारतीय सेलेब्रिटी हैं।
अक्षय ने इस लिस्ट में हॉलीवुड एक्टर्स विल स्मिथ और जेनिफर लोपेज जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ दिया है। बेहद मशहूर सिंगर रिहाना भी अक्षय से पीछे हैं। जून 2019 से मई 2020 के बीच अक्षय की कुल कमाई 48.5 मिलियन डॉलर्स यानि लगभग 365 करोड़ रुपये आंकी गयी है। अक्षय लिस्ट में 52वीं पोजिशन पर हैं। पिछले साल के मुकाबले उनकी स्थिति 19 स्थान नीचे खिसकी है। पिछली दफ़ा अक्षय 33वीं पोजिशन पर थे। तब अक्षय की आमदनी 490 करोड़ बतायी गयी थी।