करहल विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तैयारियों के बीच आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सपा के गढ़ में हुंकार भरेंगे। इस सीट को सपा का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है।
अखिलेश यादव वर्ष 2022 में इसी सीट से विधायक बने थे। भाजपा उपचुनाव में इस गढ़ को ढहाने के लिए ताकत झोंक रही है। आज योगी आदित्यनाथ इसी विधानसभा क्षेत्र के बरनाहल कस्बा में जनपद से जुड़ी 3.61 अरब रुपये धनराशि की विकास योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। विभिन्न योजनाओं को लाभार्थियों से मिलेंगे और युवाओं को स्मार्ट फोन-टेबलेट का वितरण भी करेंगे।
एक बार जीत सकी है ये सीट
करहल विधानसभा सीट पर भाजपा अब तक केवल एक बार वर्ष 2002 में ही जीत हासिल कर सकी है। इसके बाद से बीते चार चुनावों से सपा अजेय है। वर्ष 2022 में सपा मुखिया अखिलेश यादव ने अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए इसी सीट को चुना था और वह 66 हजार मतों के अंतर से जीते थे। अब कन्नौज का सांसद बनने के बाद अखिलेश यादव ने यह सीट छोड़ दी है। सभी दल यहां उपचुनाव की तैयारी में जुटे हैं।
सपा का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है करहल
सैफई से सटा यह विधानासभा क्षेत्र सपा के लिए सबसे मजबूत माना जाता है। इस मजबूत गढ़ में सेंध के लिए भाजपा ने दिग्गजों की फौज को मैदान में उतार रखा है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक दो बार करहल आ चुके हैं। अब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा भी भाजपा की रणनीति को आगे बढ़ाएगा।
बरनाहल में है कार्यक्रम
मुख्यमंत्री का कार्यक्रम भी इसी विधानसभा क्षेत्र में शामिल बरनाहल कस्बे में रखा गया है। मुख्यमंत्री यहां जनपद से जुड़ी 1.22 अरब की विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं में विधानसभा करहल के लिए 39.65 करोड़ धनराशि की भी कई योजना शामिल हैं। इनमें 6.15 करोड़ रुपये से करहल की ग्राम पंचायत अहिलादपुर मिनी स्टेडियम के निर्माण के अलावा 18.16 करोड़ रुपये से 50 शैया वाले क्रिटिकल केयर हास्पीटल ब्लाक का निर्माण भी प्रस्तावित है।
17.82 करोड़ से राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज टाइप-चार के 24 आवास, 13.82 लाख की लागत से कुरावली तहसील में अनावासीय भवनों का निर्माण होगा। 7.62 करोड़ की लागत से कुर्रा-एलाऊ- भांवत- भोगांव मार्ग के किमी. एक से 16 और 20 से 32 किमी. नवीनीकरण का काम शामिल है।
मुख्यमंत्री विकास योजनाओं के सहारे करहल उपचुनाव की तैयारी
जनपद से जुड़ी 2.39 अरब की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण भी करेंगे। इन परियोजनाओं में सैनिक स्कूल सबसे बड़ी परियोजना है, इस स्कूल के भवन निर्माण पर 1.03 अरब की धनराशि व्यय हुई है। इसके अलावा 24.22 करोड़ से मैनपुरी-बिछियां-सहन मार्ग चौड़ीकरण-सुंदरीकरण काम भी शामिल है। इन योजनाओं में 8.93 करोड़ से बने जनपदीय ड्रग वेयर हाउस भी शामिल है।