आगरा
सट्टा माफिया सनी कबाड़िया 11 वर्ष से सट्टा करा रहा था। पुलिस के अनुसार, उसने सट्टे के काले कारोबार से की गई कमाई से करोड़ों की संपत्ति जुटा ली थी। उसकी 3.10 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली गई। मगर, बैंक खातों से चौंकाने वाली बात सामने आई। सट्टेबाज के तीन बैंक खातों में महज 285 रुपये ही मिले। कुर्क किए गए तीनों घरों में से भी उसने पूरा सामान पहले ही शिफ्ट कर दिया था।
जगदीशपुरा क्षेत्र के नगला गूलर निवासी सनी कबाड़िया के तीन मकानों को पुलिस ने सोमवार को कुर्क किया। पुलिस अधिकारी मकानों के अंदर का हाल देखकर चौंक गए। सट्टेबाज वर्तमान में जेल में बंद है। उसके घरों में कोई घरेलू सामान तक नहीं था। माना जा रहा है कि कुर्की की जानकारी उसे पहले ही हो गई थी। इसलिए उसके स्वजन ने घरों से सामान दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया।
सट्टेबाज ने अपने तीनों बैंक खातों को पहले से ही खाली कर दिया था। आरोपित के तीन खातों में पुलिस को 285 रुपये ही मिले। जबकि उसके एक खाते से हाल में 48 लाख और दूसरे से 34 लाख रुपये का लेनदेन हुआ है। पुलिस ने बैंक खातों का स्टेटमेंट देखा तो इसकी जानकारी हो गई।
शातिर की कई संपत्ति दूसरों के नाम पर हैं। वे भी कुर्क नहीं हो सकी हैं। जिस घर में वर्तमान में उसका परिवार रहता है, वह पैतृक था। मगर, सनी कबाड़िया के दादा ने पूर्व में किसी को बेच दिया था। मगर, इसमें सनी का परिवार ही रह रहा है।
सनी कबाड़िया शातिर किस्म का अपराधी है। उसके खिलाफ दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वह वर्ष 2011 से अपराध कर रहा है। सट्टे का कारोबार करता है। इसके विरुद्ध गैंगस्टर के तहत संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की गई है।