आगरा
खेरागढ़ क्षेत्र में गुरुवार रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सुनसान सड़क पर महिला के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई। राहगीर ने महिला को जलता देखा तो पुलिस बुला ली। इसके बाद पुलिस ने उसे हास्पिटल में भर्ती कराया है। महिला की हालत गंभीर है। वह बोल भी नहीं पा रही है। पुलिस आसपास के गांवों में घूमकर पहचान के प्रयास कर रही है।
घटना गुरुवार रात करीब 10.15 बजे की है। रोड पर पड़ी एक महिला से लपटें उठ रही थीं। एक राहगीर ने महिला को जलता हुआ देखा तो पुलिस बुला ली। तब उसने अन्य ग्रामीणों की मदद से आग बुझा दी थी। महिला के गले पर जख्म था और उससे खून निकल रहा था। उसके ऊपरी हिस्से में आग लगाई गई थी।दर्द से महिला रोड पर तड़प रही थी। करीब 20 मिनट बाद पुलिस एंबुलेंस में महिला को रखकर सीएचसी खेरागढ़ पहुंची।
यहां से महिला को गंभीर हालत में एसएन मेडिकल कालेज इमरजेंसी में भेज दिया। सीओ खेरागढ़ महेश कुमार ने बताया कि महिला के ऊपर पेट्रोल डालकर जलाने की कोशिश की गई है। महिला अभी बोल नहीं पा रही है। उसके मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए जाएंगे। अभी तक महिला की पहचान नहीं हो सकी है। वह पहनावे से बाहरी लग रही है। आसपास के गांवों में महिला के संबंध में जानकारी की जा रही है। घटनास्थल एक किलोमीटर की दूरी पर भिलावली गांव है। इस गांव के लोग महिला की पहचान नहीं कर पा रहे हैं।