आगरा
होली और शब-ए-बरात इस साल एक ही दिन पड़ रहे हैं। 18 मार्च को सुबह होली खेली जाएगी तो शाम को शब-ए-बरात के आयोजन होंगे। इसलिए 18 मार्च को आगरा में रूट डायवर्जन किया गया है। इस दौरान सेंट जोंस चौराहे से कलक्ट्रेट तिराहे तक साइकिल भी नहीं निकल सकेगी। सभी तरह के दोपहिया वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।एसपी ट्रैफिक अरुण चंद के अनुसार 18 मार्च की शाम चार बजे से 19 की सुबह आठ बजे तक आंतरिक और वाहृय मार्ग पर यातायात परिवर्तन किया गया है।इस दौरान भारी वाहनों के वाहनों का आगरा के महानगरीय क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। शहर की 18 मार्च की रात को 11 बजे खुलने वाली नो एंट्री नहीं खोली जाएगी। उक्त अवधि में सभी प्रकार के वाहनों के नो एंट्री पास निरस्त रहेंगे। शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। इस दौरान यातायात व्यवस्था निम्नवत रहेगी
-सेंट जोंस चौराहे से कलक्ट्रेट तिराहे तक, पचकुईयां से सुभाष पार्क तिराहे, नालबंद से पचकुईयां तक सभी तरह के दो पहिया, तीन पहिया, चार पहिया, इक्का-तांगा व साइकिल आदि सभी वाहनों पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। उक्त मार्ग केवल पैदल आवागमन के लिए खुला रहेगा।
-ग्वालियर से आगरा की ओर आने वाले भारी वाहन रोहता नहर से रोहता-दिगनेर मार्ग होकर एकता चौकी से ताेरा चौकी इनर रिंग रोड होकर जाएंगे।
फतेहपुर सीकरी की ओर से आने वाले भारी वाहन पथौली नहर से रुनकता होकर जाएंगे।
-फतेहाबाद, शमसाबाद की ओर आने वाले भारी वाहन सैंया होकर ग्वालियर की ओर एवं जयपुर तथा दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन रोहता नहर/पथौली होकर जाएंगे।
-राष्ट्रीय राजमार्ग-दो के ट्रैफिक को अत्यधिक धीमी गति से चलाया जाएगा। अबू उलाह की दरगाह पर शब-ए-बरात में भाग लेने वालों के जुलूसों व जत्थों को सकुशल सुरक्षा पूर्वक गुजारने के लिए पर्याप्त संख्या में जिग-जैग बैरियर संबंधित क्षेत्र के यातायात निरीक्षक के व्यक्तिगत निर्देशन/पर्यवेक्षण में लगाए जाएंगे। जिससे कि हाईवे पर चलने वाले वाहनों की गति अत्यधिक धीमी हो सके। ज्यादा से ज्यादा संख्या में जुलूस में लोगों के हाईवे से निकलने पर वाहनों को पूरी तरह रोका जा सके। अबू उलाह दरगाह से संबंधित ड्यूटी 18 की शाम चार बजे से 19 को जुलूस की समाप्ति तक रहेंगी।