आगरा
जिस तरह पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी इलाकों में इस साल गर्मी देर से आएगी लेकिन हो रहा उलट है। तापमान में एकदम तेजी से उछाल दर्ज हो रहा है। होली से पहले ही इस बार ये हाल है कि एयर कंडीशनर्स की जरूरत पड़ने लगी है। दोपहर में धूप चुभ रही है। हाल ये है कि उत्तर प्रदेश में दूसरा सबसे गर्म शहर आगरा आंका गया है।
मंगलवार को सुबह न्यूनतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस का उछाल दर्ज हुआ है। वहीं अधिकतम तापमान में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। मौसम विभाग ने होली पर भी इस बार तापमान में वृद्धि रहने की संभावना जताई है। इसके चलते लोग होली खेलने में ठंडे पानी से परहेज नहीं करेंगे।
आगरा में मौसम का मिजाज धीरे धीरे गर्म होता जा रहा है। मंगलवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक दर्ज हुआ। ये 19.1 डिग्री रहा। सुबह नौ बजे से ही धूप में जबरदस्त तेजी है कि घर से बाहर निकलने पर ये चुभ रही है। दिन में एसी की जरूरत पड़ने लगी है। रात में सभी घरों में पंखे चलने लगे हैं। अधिकतम तापमान में भी वृद्धि दर्ज हो रही है, ये सामान्य से पांच डिग्री अधिक 36.9 डिग्री पर पहुंच चुका है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी हाल फिलहाल बारिश के आसार नजर नहीं आ रहे हैं। होली के दिन 18 मार्च को गर्म दिन साबित होगा। न्यूनतम तापमान 20 और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मौसम में गर्माहट आने के साथ ही अब मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। सर्दी के मौसम में मच्छर गायब रहे लेकिन मौसम गर्म होने के साथ ही अब मच्छर परेशान कर रहे हैं। आगरा में लोग नगर निगम से फॉगिंग शुरू कराए जाने की मांग कर रहे हैं।