आगरा
भाजपा का अभेद गढ़ कही जाने वाली उत्तर विधानसभा का तिलिस्म नहीं टूटा। भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल के आगे विपक्षी दलों के प्रत्याशी कहीं ठहर नहीं पाए। रिकार्ड 112370 वोटों से जीत दर्ज कर पुरुषोत्तम खंडेलवाल, सर्वोत्तम बने। बसपा के शब्बीर अब्बास को छोड़कर सपा, कांग्रेस समेत अन्य सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गईं।
उत्तर विधानसभा सीट पर भाजपा ने पुरुषोत्तम खंडेलवाल, बसपा ने शब्बीर अब्बास, सपा ने ज्ञानेंद्र गौतम और कांग्रेस ने विनोद बंसल को टिकट दी थी। फिरोजाबाद रोड स्थित मंडी समिति में सुबह आठ बजे मतगणना शुरू होने के साथ ही भाजपा प्रत्याशी पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने बढ़त लेना शुरू कर दी। डाक मत्र में भी उन्हें सर्वाधिक 652 वोट मिले। प्रत्येक राउंड के साथ उनकी बढ़त बढ़ती चली गई। इसके साथ ही अन्य दलों के प्रत्याशियों के चेहरे उतरते चले गए। भगवा गढ़ में बसपा का हाथी, सपा की साइकिल और कांग्रेस का पंजा दम नहीं भर सके। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में जगन प्रसाद गर्ग द्वारा 86320 वोटों के अंतर से बसपा के ज्ञानेंद्र गौतम को हराया था। पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने जीत के अंतर को और बढ़ा दिया।
भाजपा वर्ष 1985 से उत्तर विधानसभा सीट पर लगातार जीत रही है। यह सीट वर्ष 1967 में अस्तित्व में आई थी। वर्ष 2012 से पूर्व इसे आगरा पूर्व के नाम से जाना जाता था। इस सीट पर पहली बार भारतीय जनसंघ के प्रत्याशी जीते तो अगले चार चुनावों में कांग्रेस जीती। वर्ष 1985 में इस सीट पर भाजपा के सत्यप्रकाश विकल ने जीत दर्ज की। वह पांच बार विधायक चुने गए। वर्ष 1998 में उनके निधन के बाद हुए उपचुनाव समेत लगातार पांच बार जगन प्रसाद गर्ग विधायक चुने गए। वर्ष 2019 में हुए चुनाव में भाजपा के पुरुषोत्तम खंडेलवाल विजयी हुए थे।