आगरा
उप्र विधानसभा चुनाव के चलते ताज महोत्सव का आयोजन इस बार फरवरी में नहीं होगा। महोत्सव समिति ने 20 से 29 मार्च तक महोत्सव का आयोजन कराने का निर्णय लिया है। महोत्सव के लिए थीम “आजादी के अमृत महोत्सव के संग ताज महोत्सव के रंग’ चुनी गई है। पिछले वर्ष कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते महोत्सव का आयोजन नहीं हो सका था।
शहर में कला, संस्कृति और व्यंजनों के एकमात्र आयोजन ताज महोत्सव की शुरुआत वर्ष 1992 में शिल्पग्राम में की गई थी। तभी से महोत्सव का आयोजन 18 से 27 फरवरी तक होता रहा है। ताज महोत्सव आयोजन समिति की दिसंबर में हुई बैठक में महोत्सव की तैयारियां शुरू करने का निर्णय लिया गया था। जनवरी की शुरुआत में ही उप्र विधानसभा चुनाव के चलते आदर्श आचार संहिता लागू हो गई, जिसके चलते महोत्सव की तैयारियां प्रभावित हुईं और टेंडर नहीं किए जा सके। इसके चलते आयोजन समिति ने 20 से 29 मार्च तक महोत्सव का आयोजन कराने का निर्णय लिया है। तब तक चुनाव संपन्न हो जाएगा और होली भी हो जाएगी। उधर, आयोजन समिति के अध्यक्ष कमिश्नर अमित गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में महोत्सव के लिए थीम चुन ली गई है। देश इस वर्ष आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। इसलिए उससे जुड़ी थीम “आजादी के अमृत महोत्सव के संग ताज महोत्सव के रंग’ चुनी गई है। यह थीम पी एंड टी कालोनी निवासी कुसुमलता द्वारा सुझाई गई है।