आगरा
कई दिनों के मंथन के बाद बुधवार को बसपा ने मथुरा-वृंदावन सीट पर प्रत्याशी पर मुहर लगा दी। इस सीट से औरंगाबाद के पूर्व प्रधान जगवीर चौधरी को प्रत्याशी बनाया गया है। बुधवार को जिले में बसपा के राष्ट्रीय महासचिव मुनकाद अली और मुख्य सेक्टर प्रभारी गोरेलाल ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक-दो दिन में राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा प्रत्याशियों की सूची जारी की जाएगी। बाकी चार विधानसभा सीटों के लिए पार्टी पूर्व में ही प्रभारी घोषित चुकी थी।
स्थानीय होटल में कार्यकर्ताओं से मुलाकात में मुनकाद अली और गोरेलाल ने विधानसभा चुनाव में पार्टी को मजबूत करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही किसी पार्टी की रीढ़ होते हैं। किसी भी चुनाव में पार्टी की जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत ही तय करती है। जिलाध्यक्ष योगेश कुमार ने बताया कि केंद्रीय नेतृत्व ने जगवीर चौधरी को मथुरा-वृंदावन सीट से प्रत्याशी तय किया है। इसकी जानकारी खुद मुनकाद अली ने कार्यकर्ताओं को दी। जबकि मांट से विधायक श्याम सुंदर शर्मा, गोवर्धन से पूर्व विधायक राजकुमार रावत, छाता से सोहन पाल, बलदेव से अशोक सुमन को पार्टी पूर्व में ही प्रभारी घोषित कर चुकी है। एक से दो दिन में केंद्रीय नेतृत्व प्रत्याशियों की सूची भी जारी कर देगा।बाक्सप्रत्याशयिों पर मंथन, आज सकती है कांग्रेस की सूचीमथुरा: विधानसभा चुनाव में प्रत्याशियों के चयन पर कांग्रेस का मंथन बुधवार को भी चलता रहा। गुरुवार को पांचों सीटों से प्रत्याशियों की सूची जारी होने की संभावना है। कांग्रेस में मथुरा सीट से पूर्व विधायक प्रदीप माथुर समेत चार लोगों ने आवेदन किया है। गोवर्धन से पूर्व जिलाध्यक्ष दीपक चौधरी और जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा की पत्नी पूजा वर्मा का नाम चर्चा में है। मांट से योगेश पचहरा और उनकी पत्नी सुमन पचहरा, संतोष शर्मा और उनकी बेटी संजू शर्मा के नाम पर मंथन चल रहा है। छाता से वीरेंद्र सिंह और अशोक प्रताप सिंह के साथ ही इन दोनों की पत्नियां तथा बलदेव से कमल सागर व विनेश सनवाल के नाम पर मंथन चल रहा है। जिलाध्यक्ष भगवान सिंह वर्मा ने बताया कि गुरुवार को सूची जारी हो सकती है।