आगरा
चुनाव नजदीक देख ताजनगरी के गांवों में विकास कार्यों की रफ्तार बढ़ गई है। अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले एक महीने में जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत 403 विकास कार्य बढ़ गए हैं। इससे मनरेगा मजदूरों का ग्राफ भी बढ़ा है।
नवंबर के शुरुआत में जिले की 690 में से 458 ग्राम पंचायतों में 775 विकास कार्य चल रहे थे। इनमें 9810 मनरेगा मजदूर काम कर रहे थे। दिसंबर के शुरुआत में विकास कार्यों की 1178 पहुंच गई। जिले की 633 ग्राम पंचायतों में विकास कार्य चल रहे हैं। इनमें 15114 मनरेगा मजदूरों का काम कर रहे हैं। मनरेगा के तहत गांवों में नाली, खरंजा, चक रोड निर्माण के साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य चल रहे हैं। अतिरिक्त जिला कार्यक्रम अधिकारी मनीष कुमार का कहना है कि नवंबर की तुलना में दिसंबर में मनरेगा कार्यों की संख्या बढ़ी है। सबसे अधिक विकास कार्य फतेहाबाद ब्लाक में चल रहे हैं। यहां की 66 ग्राम पंचायतों में 1639 विकास कार्य चल रहे हैं। दूसरे नंबर पर जैतपुर कलां ब्लाक है। यहां की 43 ग्राम पंचायतों में 1303 विकास कार्य चल रहे हैं। सबसे पीछे अछनेरा ब्लाक है। इस ब्लाक में सिर्फ 530 विकास कार्य चल रहे हैं। फतेहपुर सीकरी ब्लाक में भी सिर्फ 647 विकास कार्य चल रहे हैं।विकास कार्यों का ग्राफ बढ़ने से मनरेगा मजदूरों का ग्राफ भी बढ़ा है। जिले में 15 हजार से अधिक मजदूरों को रोजगार मिला हुआ है। नवंबर में लगभग नौ हजार मनरेगा मजदूरों को ही काम मिल पा रहा था।