आगरा
सांसद खेल स्पर्धा की शुरुआत रविवार सुबह मिनी मेराथन के साथ हो गई। आगरा कालेज मैदान से एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम तक हुई रन फार ग्रीनरी में शहर दौड़ा। करीब पांच हजार खिलाड़ियों व छात्रों ने रन में भाग लिया। इसके साथ ही स्टेडियम में चार दिवसीय सांसद खेल स्पर्धा का शुभारंभ हो गया। यहां 24 नवंबर तक चलने वाली स्पर्धा में 14 खेल होंगे।
केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री किरण रिजीजू ने रविवार सुबह आगरा कालेज मैदान में मिनी मेराथन का फ्लैग आफ किया। उनके साथ केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, राज्य मंत्री डा. जीएस धर्मेश, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, ओलिंपियन जगबीर सिंह मौजूद रहे। आगरा कालेज मैदान से कलक्ट्रेट, साईं का तकिया, अवंतीबाई चौराहा होते हुए खिलाड़ी एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचे, जहां मिनी मेराथन संपन्न हुई। मेराथन के लिए रूट डायवर्जन के साथ ही पुलिस, यातायात पुलिस, चिकित्सा विभाग की टीम लगाई गई थीं। मेराथन के समापन पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र व पौधे भेंट किए गए। प्रथम 10 स्थान पर आने वाले धावकों को विशेष पुरस्कार दिए गए। स्टेडियम में मार्च पास्ट के साथ खिलाड़ियों को खेल भावना की शपथ दिलाई गई। प्रतियोगिता का समापन 24 नवंबर को स्टेडियम में होगा।
पूर्व ओलिंपियन बढ़ाएंगे रौनक
स्पर्धा की रौनक ओलिंपिक, कामनवेल्थ और एशियन गेम्स में देश का नाम रोशन कर चुके खिलाड़ी बढ़ाएंगे। इनमें पूर्व ओलिंपियन व अर्जुन पुरस्कार विजेता एमपी सिंह, पूर्व ओलिंपियन व ध्यानचंद पुरस्कार विजेता रोमियाे जेम्स, पूर्व ओलिंपियन जगबीर संह, एशियन खेलों के पदक विजेता रतन सिंह भदौरिया, दक्षेस खेलों में प्रतिभाग कर चुके सरनाम सिंह और मनीषा कुशवाह शामिल हैं।