लखनऊ, जेएनएन। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के करीबी माने जाने वाले पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का गुरुवार को गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। गोंडा निवासी पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह की पत्नी जिला पंचायत अध्यक्ष सरोज रानी सिंह का बीते दिनों लखनऊ में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण निधन हो गया था। उनके निधन पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने दु:ख जताया है। दोपहर 12 बजे के बाद उनके पार्थिव शरीर को गोंडा ले जाया जाएगा।कोरोना संक्रमित सत्यदेव सिंह की परिवार के अन्य लोगों के साथ लखनऊ के संजय गांधी पीजीआइ में भर्ती थे, वहां पर हालत बिगड़ने पर उनको मेदांता अस्पताल गुरुग्राम में शिफ्ट किया गया था। जहां पर आज हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया।
सांसद एवं भाजपा के समर्पित नेता श्री सत्यदेव सिंह जी का निधन अत्यंत दु:खद है। उनके निधन से पार्टी ने विचारधारा के प्रति एक समर्पित नेता को खोया है। प्रभु श्री राम से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं।