आगरा के कमलानगर में एक विवाहिता के साथ घर में ही अमानवीय सलूक किया गया। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। पड़ोसियों ने सोमवार की रात उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। महिला की हालत देखकर डॉक्टर भी हैरान रह गए। उसे वेटिलेंटर पर रखा गया है। उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने उसके पति को हिरासत में लिया है। महिला के मायके वालों को भी बुलाया गया है।
खुशबू त्यागी नाम की महिला का मायका राजस्थान में है। उसकी शादी चार साल पहले जी ब्लॉक कमलानगर के भगवती त्यागी के साथ हुई थी। खुशबू त्यागी को बेरहमी से पीटा गया है। शरीर पर जलने के भी निशान हैं। हालत बिगड़ने पर सोमवार को पड़ोसियों ने उसे साई ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। इसकी जानकारी पर सीओ हरीपर्वत सौरभ दीक्षित भी अस्पताल पहुंच गए।
महिला के शरीर पर चोट के निशान
सीओ ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला को गंभीर हालत में भर्ती कराया है। उसका हीमोग्लोबिन बहुत कम रह गया है। आशंका है कि उसे भूखा रखा गया। मारपीट भी की गई। खुशबू त्यागी का मायका राजस्थान में है। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं। इससे प्रताड़ना की आशंका है। पति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
उसने पुलिस के सवालों के जवाब नहीं दिए। महिला के मायके वालों को बुलाया गया है। सीओ ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। महिला के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है। अस्पताल संचालक पंकज अग्रवाल ने बताया कि खुशबू की हालत गंभीर है। उसे वेटिंलेटर पर रखा है। ऐसा लगता है कि उसे कई दिनों से प्रताड़ित किया जा रहा था।