जिम में वायु सेनाध्यक्ष की रिश्तेदार का वीडियो बनाने वाला आरोपित भी पुलिस की पकड़ में आ गया है। जिम में अभद्रता के मामले में पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना से जुड़े पांचों लोग सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। सरेआम गुंडई दिखाने वाले युवकों को अब करनी पर पछतावा हो रहा है। घटना के बाद दो लोग तो आगरा से फरार हो गए थे।
नाई की मंडी थाना क्षेत्र में वायु सेनाध्यक्ष आरके एस भदौरिया के रिश्तेदार रहते हैं। रिश्तेदार परिवार की बहू अपने देवर के साथ शुक्रवार को सुबह कमला नगर स्थित जिम में गई थी। यहां व्यायाम करते समय युवक अपने मोबाइल से उनका वीडियो बना रहे थे। विरोध करने पर उनसे अभद्रता की। बचाव में आए देवर के सिर पर लोहे की रॉड मारने का प्रयास भी किया। इस मामले में महिला ने कमला नगर थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।पुलिस ने शुक्रवार की रात मुख्य आरोपित आयुष शर्मा प्रत्युष शर्मा और पिता बबलू पंडित को गिरफ्तार किया था। बेटों का विवाद होने पर पिता जिम में धमकी देने आया था। तीनों कोर्ट से जमानत होने पर रिहा हो गए। एएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि मुकदमे में नामजद जीवनी मंडी निवासी शशांक गुप्ता और कमला नगर के विमल वाटिका निवासी अभिषेक यादव मुकदमा दर्ज होने की जानकारी होते ही आगरा से बाहर भाग गए थे। देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। शशांक ने ही जिम में महिला का मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू किया था। इसके बाद विवाद हुआ। उसके मोबाइल में कोई वीडियो नहीं मिला है। एएसपी ने बताया कि बबलू पंडित व अन्य आरोपितों का अापराधिक इतिहास भी पता किया जा रहा है। इन पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई भी की जाएगी।