दो साल पहले बुलंदशहर में चेकिंग के दौरान होमगार्ड को गोली मारने का आरोपित गैंगस्टर फीरोजाबाद में हुइ पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। आरोपित फीरोजाबाद के फरिहा का रहने वाला था। उसके पास से चोरी की बाइक भी बरामद हुई है।
एसपी सिटी मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि फरिहा के ईखू गांव निवासी रफीक पुत्र सलीम 2018 में बुलंदशहर के जैन तिराहे पर चेकिंग के दौरान होमगार्ड को गोली मारकर फरार हुआ था। पकड़े जाने के बाद उसके खिलाफ गैंगस्टर में कार्रवाई हुई। जमानत पर छूटने के बाद रफीक गायब हो गया, बुलंदशहर से 25 हजार का इनाम घोषित था। गुरुवार को सीओ टूंडला देवेंद्र सिंह की टीम के साथ नारखी के आलमपुर में मुठभेड़ में रफीक पकड़ा गया। उसके पास से बरामद बाइक चोरी की है, जो सिरसागंज से चुराई गयी थी। बुलंदशहर पुलिस को सूचना भेज दी गई है। रफीक के खिलाफ बुलंदशहर के अलावा फीरोजाबाद, एटा, नोएडा समेत कई जिलों में डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।