दूसरों के विवाद सुलझाने वाले पुलिस थाने में ही हाईवोल्टेज ड्रामा हो गया। विवाद भी पुलिसकर्मियों के आपस का है। थाना शाहगंज में तैनात दारोगा, सिपाही और महिला पुलिसकर्मी के बीच पति-पत्नी और वो का जमकर ड्रामा हुआ। महिला पुलिसकर्मी को कमरे में दरोगा के साथ देखकर सिपाही ने हंगामा कर दिया। दोनों के बीच घनिष्ठ संबंधों का आरोप लगाया। पति ने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस काे बुला लिया। वहीं महिला सिपाही ने दारोगा से पारिवारिक संबंध बताते हुए पति पर शक करने और दहेज मांगने का आरोप लगाया। इंस्पेक्टर ने दोनों के स्वजनों को बुलाया है।
मैनपुरी का मूल निवासी वर्ष 2015 बैच का सिपाही कानपुर नगर में एक पुलिस अधिकारी के कार्यालय में तैनात है। उसकी चार महीने पहले महिला पुलिसकर्मी से शादी हुई। महिला पुलिसकर्मी वर्तमान में आगरा में तैनात है। इससे पहले वह औरेया में तैनात थी। वहीं पर दारोगा भी तैनात रहा है।दारोगा वहां एसओ भी रह चुका है। वर्तमान में उसका ट्रांसफर मेरठ जोन में हो गया है। सिपाही का आरोप है कि शादी के बाद कुछ सप्ताह उसके साथ रहने के बाद पत्नी मायके आ गयी। इसके बाद उससे बात करना छोड़ दिया। यहां तक उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। सिपाही पत्नी ने अपना मोबाइल नंबर बदल दिया।
पत्नी के व्यवहार में आए बदलाव के बारे में छानबीन की तो पता चला कि उसके संबंध औरेया में तैनात रहे एक दारोगा से हैं। वह पत्नी से मिलने अक्सर आगरा आता है। शुक्रवार की दोपहर को वह पत्नी से मिलने आया था। यहां आने पर दारोगा को कमरे पर देखकर पूछताछ की तो वह मारपीट पर आमादा हो गया। इस पर उसने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को बुला लिया। मौके पर पहुंची पीआरवी को महिला पुलिसकर्मी ने बताया कि दारोगा से उसके पारिवारिक संबंध हैं। दोनों परिवारों का एक दूसरे के यहां आना-जाना है। उसके पिता ने एक लाख रुपये दारोगा को दिए थे। वह यह रकम उसे देने के लिए आए थे। परिवार का सदस्य होने के नाते उसने दारोगा को खाना खाने के लिए रोका था। इस बीच पति वहां आ गया और उस पर अनावश्यक आरोप लगाने लगा।
महिला सिपाही ने पति पर दहेज के उत्पीड़न करने का भी आरोप लगाया। कॉलोनी में विवाद होता देख पीआरवी तीनों लोगों काे शाहगंज थाने लेकर आ गयी। यहां पर भी वह एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते रहे। महिला सिपाही के स्वजन भी थाने आ गए। उन्होंने दारोगा से पारिवारिक संबंध होने की बात कही। इंस्पेक्टर शाहगंज सतेंद्र सिंह राघव ने बताया पति-पत्नी का विवाद है। दाेनों के स्वजनों को बातचीत के लिए बुलाया है।