गुरुनगरी में दो खालिस्तानी आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके पास एक जर्मन मेड मशीनगन, 9 एमएम का पिस्टल, चार मैगजीन बरामद किया गया हैl पुलिस ने बताया कि आतंकी यहां टारगेट किलिंग के लिए आए थे। दोनों आतंकियों के नाम गुरमीत सिंह और विक्रम सिंह बताए जाते हैं। उनको अमृतसर देहात पुलिस ने जंडियाला में एक ढ़ाबे के पास से पकड़ा गया।
बता दें कि पिछले दिनों पठानकोट में लश्कर-ए-तैयबा के तीन आतंंकियों को पकडा गया था। ये तीनों अमतृसर से कश्मीर घाटी में हथियार ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद आज दो खालिस्तानी आतंकियों की गिरफ्तारी से सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस सतर्क हो गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनोंं की गिरफ्तारी से बड़े आतंकी मॉड्यूल का खुलासा हुआ है। इन आतंकियों के पाकिस्तान से कनेक्शन निकले हैं। वे अपने पाकिस्तानी आकाओं के निर्देश पर यहां बडी आतंकी वारदात और टारगेट किलिंग की फिराक में थे। उनेे पास से हथियारों के अलावा दो मोबाइल फोन, कुछ भड़काऊ लिखित सामग्री और तस्वीरें बरामद हुए हैं। उनके फोन में पाकिस्तानी आकाओं के संदेश भी मिलने की जानकारी है।