कोरोना कंट्रोल के लिए डर के आगे जीत का फार्मूला काम कर गया। कोरोना के केस 800 तक पहुंचने के बाद लोग सहम गए। आंकड़ा 800 पार करते- करते लोग इतने सजग हुए िकि मास्क, शारीरिक दूरी और सैनिटाइजर से भी आगे बढ़ इस्तेमाल से पहले सब्जी और फल गर्म पानी से धोने लगे। उधर जिला और पुलिस प्रशासन ने सख्ती की, हॉटस्पॉट क्षेत्र सील करने के साथ लॉक डाउन उल्लंघन में लोगों के चालान किए गए। पिछले 10 दिन की सख्ती से शनिवार को कोरोना पॉजिटिव केस 98 तक रह गए।
कोरोना के संक्रमण की रोकथाम के लिए लॉक डाउन किया गया। मगर, अप्रैल में लॉक डाउन में सख्ती ना होने, जमाती, श्री पारस हॉस्पिटल, सब्जी विक्रेता से कोरोना संक्रमण तेजी से फैलने लगा। 30 अप्रैल से छह मई तक सर्वाधिक 228 कोरोना के पॉजिटिव केस सामने आए। सात से 13 मई तक 132 केस मिले। इसके बाद सख्ती की गई। पुलिस प्रशासन ने हॉट स्पॉट क्षेत्रों को पूरी तरह से सील कर दिया, ड्रोन से नजर रखी गई। लॉक डाउन को लेकर सख्ती की गई। वेबजह बाहर निकलने वालों के चालान किए गए। वहीं, केस बढने के साथ लोग भी सजग हो गए। मास्क और सेनेटाइजर का इस्तेमाल करने लगे। इससे कोरोना के केस कंट्रोल होने लगे हैं। नए केस छह से आठ आ रहे हैं, डिस्चार्ज मरीजों की संख्या तेजी से बढी है।