आगरा किला में सात वर्ष की बंदी के बाद अपग्रेड किया गया साउंड एंड लाइट शो दर्शकों के लिए तरस रहा है। आलम यह है कि, संचालन शुरू होने के बाद 53 दिनों में 21 दिन शो कैंसिल रहा है। अन्य दिनों में, एक भी दिन ऐसा नहीं रहा है, जबकि शो की सभी टिकटें बिकी हों। एक दिन में अब तक 29 मई को सर्वाधिक 67 दर्शक शो देखने आए थे। शो में दर्शकों के नहीं आने की वजह उचित प्रचार-प्रसार का अभाव और इन दिनों ऑफ सीजन होना माना जा रहा है।
आगरा किला में साउंड एंड लाइट शो को उपकरण खराब होने पर एक अप्रैल, 2019 में बंद कर दिया गया था। सात वर्षों के अंतराल के बाद 18 अप्रैल को विश्व धरोहर दिवस पर आगरा किला में शो का उद्घाटन पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने किया था। दर्शकों के लिए शो की शुरुआत 23 अप्रैल को हो सकी थी।
संचालन शुरू होने के बाद 53 दिनों में 21 दिन कैंसिल रहा है
हिंदी व अंग्रेजी भाषा में तैयार किया गया साउंड एंड लाइट शो लेजर लाइट, होलाेग्राम इमेज पर आधारित है। इसमें आगरा के इतिहास व संस्कृति, आगरा के मुगल आधिपत्य में आने, छत्रपति शिवाजी महाराज के औरंगजेब के दरबार में आने को शामिल किया गया है।
23 अप्रैल से 14 जून तक शो देखने पहुंचे 720 पर्यटक
शो का संचालन शुरू हुए 53 दिन हुए हैं, जिनमें से 21 दिन शो कैंसिल रहा। 32 दिन शो हुआ, जिनमें 720 दर्शक ही पहुंचे हैं। शो शुरू करने को प्रतिदिन 15 से 20 दर्शकों की न्यूनतम संख्या निर्धारित किए जाने की भी चर्चा है।
आगरा किला में शो की स्थिति
- माह, दिन, संचालन हुआ, कैंसिल रहा, कुल दर्शक आए
- अप्रैल, 8, 8, 0, 175
- मई, 31, 18, 13, 387
- जून, 14, 6, 8, 158
आगरा में साउंड एंड लाइट शो के अलावा रात्रि बाजार विकसित किया जाना चाहिए। स्मारकों को रात में खोला जाना चाहिए। स्मारक रात में खुलेंगे तो पर्यटकों का रात्रि प्रवास भी बढ़ेगा। – राकेश चौहान, अध्यक्ष होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन