HomeUttar Pradeshप्रदेश के 8.39 लाख किसानों ने लिया विकसित कृषि का संकल्प, कृषि...

प्रदेश के 8.39 लाख किसानों ने लिया विकसित कृषि का संकल्प, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी जानकारी

केंद्र सरकार की किसानों को प्रगति के लिए प्रारंभ किया गया विकसित कृषि संकल्प अभियान उत्तर प्रदेश में तेज गति पकड़ चुका है। कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही ने लोकभवन में पत्रकार वार्ता में बताया कि प्रदेश के 8.39 लाख किसानों ने विकसित कृषि का संकल्प लिया है।

इस विशेष अभियान के तहत किसानों को खरीफ फसलों के लिए नवीनतम कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, आधुनिक खेती के तौर-तरीकों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। राज्य सरकार ने इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए 410 करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

उत्तर प्रदेश में विकसित कृषि संकल्प अभियान 29 मई से प्रारंभ किया गया था। जिसमें किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों की जानकारी दी गई और बड़ी संख्या में किसान लाभांवित हुए । शाही ने बताया कि ‘एक देश, एक कृषि, एक टीम’ की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से यह अभियान प्रदेश में कृषि के भविष्य की दिशा तय कर रहा है। अभियान के अंतिम चरणों में मीडिया बंधुओं से सक्रिय सहयोग की अपील की गई है, ताकि इस अभियान की जानकारी प्रदेश के अंतिम किसान तक पहुंचे और सरकारी योजनाएं सरल भाषा में समझाई जा सकें।

कृषि मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत अब तक 4,959 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनमें 8,39,617 किसानों ने भाग लिया है। इनमें 6,48,449 पुरुष और 1,91,168 महिलाएं शामिल हैं। 12 जून तक कुल 10,125 स्थलों पर कार्यक्रमों का आयोजन प्रस्तावित है। इसमें दलहन, तिल, मूंगफली व मिलेट्स की 4,58,000 मिनीकिट भी वितरित की जा रही है।

Advertisements
Advertisements

अभियान के तहत 550 कृषि वैज्ञानिक और विषय विशेषज्ञ किसानों को उनके क्षेत्र, मिट्टी, मौसम और फसल के अनुसार प्रशिक्षित कर रहे हैं। यह लैब-टू-लैंड मॉडल को जमीनी स्तर पर लागू करने का प्रयास है। अभियान भारत सरकार की पहल पर शुरू किया गया है और इसका संचालन भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के संस्थानों, कृषि विज्ञान केन्द्रों, कृषि विश्वविद्यालयों, तथा उत्तर प्रदेश सरकार के कृषि, बागवानी, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता, रेशम एवं जलशक्ति विभागों के सहयोग से हो रहा है।

कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही लखनऊ के जहांगीरपुर, बहराइच के नानपारा, देवरिया के बंजरिया, मेरठ के दबथुआ, हापुड़ के बनखण्डा और कानपुर नगर के सरैया दस्तम में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल हुए और वैज्ञानिकों, विभागीय अधिकारियों और सैकड़ों किसानों से सीधा संवाद करने के साथ पौधा रोपण भी किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 29 मई को लोक भवन के सभागार से इस अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर कृषि मंत्री, जलशक्ति मंत्री, पशुधन मंत्री, सहकारिता मंत्री, उद्यान मंत्री, कृषि राज्य मंत्री, गोसेवा आयोग एवं उपकार के अध्यक्ष, मुख्य सचिव, कृषि उत्पादन आयुक्त, प्रमुख सचिव कृषि सहित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेशभर के प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे। अभियान के व्यापक क्रियान्वयन के लिए 22 मई को विधानमंडल सचिवालय में कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही की अध्यक्षता में एक अन्तर्विभागीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें गन्ना, पशुपालन, सहकारिता, उद्यान, मत्स्य विभाग के मंत्रियों व अधिकारियों ने भाग लिया। इस बैठक में सभी कृषि संबंधी योजनाओं को अभियान में समावेशित करने की रूपरेखा तय की गई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments