रांची जा रहा इंडिगो विमान बर्ड हिट का शिकार हो गया जिसके कारण उसे आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में सवार 175 यात्री सुरक्षित हैं। पटना से रांची आ रहे विमान को 4000 फीट की ऊंचाई पर गिद्ध के टकराने से नुकसान हुआ। एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम जांच कर रही है। विमान को आपातकालीन स्थिति में उतारा गया।
झारखंड की राजधानी रांची जाने वाली इंडिगो की एक फ्लाइट को सोमवार को आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि पक्षी के टकराने के कारण आपातकालीन लैंडिंग हुई और विमान में सवार सभी 175 यात्री सुरक्षित हैं।
विमान पटना से रांची आ रहा था
रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे के निदेशक आरआर मौर्य ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया, “इंडिगो का एक विमान रांची के पास एक पक्षी से टकरा गया। यह घटना यहां से लगभग 10 से 12 समुद्री मील दूर, लगभग 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई पर हुई। इंडिगो का विमान पटना से रांची आ रहा था और पायलट को यहां आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी।”