एशियाई देश फिलीपीन के पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटेर्टे अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय (आईसीसी) की हिरासत में हैं। नीदरलैंड के द हेग में स्थानीय समयानुसार बुधवार को जारी बयान के मुताबिक संदिग्ध के पहुंचने पर मानक प्रक्रियाओं का पालन किया गया। डुटेर्टे के लिए हवाई अड्डे पर एहतियाती उपाय के रूप में चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई थी। बता दें कि मानवता के खिलाफ अपराध के एक मामले में आईसीसी के आदेश के बाद फिलीपीन की पुलिस ने पूर्व राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटेर्टे को मंगलवार को मनीला के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायालय ने वारंट जारी किया। अब डुटेर्टे पर पद पर रहते हुए मादक पदार्थ रोधी कार्रवाई से संबंधित मुकदमा चलाया जा सकेगा।
मैक्सिको, कनाडा और चीन के बाद अमेरिका ने ऑस्ट्रेलिया के उत्पादों पर टैरिफ बढ़ाने का एलान किया है। ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने फैसले को अनुचित बताया है। हालांकि, इसके बावजूद ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने जवाबी शुल्क नहीं लगाने का फैसला लिया है। अल्बनीज ने कहा, वह ऑस्ट्रेलियाई छूट के लिए प्रयास जारी रखेंगे। उन्होंने कहा कि साल 2018 की छूट को हासिल करने में कई महीने लगे। यह इस बात का साफ संकेत था कि अमेरिका ने अपने साथ संबंध रखने वाले देशों में किसी को भी छूट नहीं दी है। ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री ने कहा कि शुल्क और बढ़ते व्यापारिक तनाव आर्थिक आत्म-क्षति का ही एक रूप है। उपभोक्ताओं को महंगाई के रूप में इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है। बता दें कि अमेरिका ने आधिकारिक तौर पर ऑस्ट्रेलिया के सभी इस्पात और एल्युमीनियम आयातों पर शुल्क बढ़ाकर 25 फीसदी कर दिया है।
पश्चिम एशियाई देश कुवैत ने जेल में बंद अमेरिकियों के एक समूह को रिहा कर दिया है। इनमें पूर्व सैनिक और सैन्य ठेकेदार भी शामिल हैं। सभी कैदी नशीली दवाओं से संबंधित आरोपों में वर्षों से जेल में बंद थे। इस कदम को दो सहयोगी देशों के बीच सद्भावना के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। ट्रंप प्रशासन के शीर्ष दूतों में शुमार एडम बोहलर हाल ही में कुवैत दौरे पर गए थे। विदेशी जेलों में बंद अमेरिकी नागरिकों की वापसी के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में यह रिहाई हुई है। रिहा किए गए कैदियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।
रूस के राजनयिक और एक अन्य नौकरशाह के जीवनसाथी को ब्रिटेन की सरकार ने निष्कासित कर दिया है। यह कदम इस सप्ताह की शुरुआत में मॉस्को में ब्रिटिश दूतावास के दो कर्मचारियों के निष्कासन के बाद उठाया गया है। विदेश विभाग ने कहा, ब्रिटेन में रूसी राजदूत आंद्रेई केलिन को ‘ब्रिटिश राजनयिकों के खिलाफ बढ़ते आक्रामक और समन्वित उत्पीड़न अभियान’ के बाद तलब किया गया है।
मध्य अफ्रीकी देश अंगोला ने कांगो सरकार और एम23 विद्रोही समूह की वार्ता पर अहम जानकारी दी है। दोनों गुट 18 मार्च को शांति वार्ता में भाग लेंगे। अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लौरेंको की तरफ से जारी बयान के मुताबिक, वे अंगोला की राजधानी लुआंडा में ‘प्रत्यक्ष शांति वार्ता’ शुरू करेंगे।बता दें कि अंगोला ने पूर्वी कांगो में संघर्ष में मध्यस्थ की भूमिका निभाई है। जनवरी के अंत में इस क्षेत्र में तनाव बढ़ गया था, जब रवांडा समर्थित विद्रोहियों ने आगे बढ़कर पूर्वी कांगो के रणनीतिक शहर गोमा पर कब्जा कर लिया था।
USAID के तहत फैसलों के बाद अमेरिका ने कई देशों को मिलने वाली वित्तीय मदद में कटौती का एलान किया है। अब दक्षिण अफ्रीका स्वास्थ्य और रक्षा पर अधिक खर्च करने की योजना बना रहा है। साथ ही 0.5 प्रतिशत मूल्य वर्धित कर भी लगाया जाएगा। इसके कारण जीवनयापन की लागत बढ़ जाएगी। उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों और सेवाओं सहित अन्य वस्तुओं के लिए अधिक भुगतान करना पड़ेगा। वित्त मंत्री हनोक गोडोंगवाना ने कहा कि 2025 के बजट में स्वास्थ्य व्यय के लिए अतिरिक्त 28.9 बिलियन रैंड (1.5 बिलियन अमेरिकी डॉलर) आवंटित किए जाएंगे। अतिरिक्त धनराशि से क्लीनिकों और अस्पतालों में कार्यरत लगभग 9,300 चिकित्साकर्मियों और लगभग 800 नव-योग्य डॉक्टरों के वेतन का भुगतान किया जाएगा।
चार इंडोनेशियाई मछुआरों ने डिब्बाबंद समुद्री खाद्य कंपनी पर उन्हें पीटने का आरोप लगाया। मछुआरों के वकीलों ने कहा कि उन्हें पीटा गया और उन जहाजों पर फंसाया गया जो वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला का हिस्सा थे और बम्बल बी सीफूड्स को टूना प्रदान करते थे। वकीलों ने बुधवार को डिब्बाबंद समुद्री खाद्य कंपनी के खिलाफ मुकदमा दायर किया। आरोपियों के वकील एग्निस्का फ्रिजमैन ने बताया कि यह किसी अमेरिकी समुद्री खाद्य कंपनी के खिलाफ समुद्र में जबरन श्रम कराने का पहला मामला है। फ्राइजमैन ने कहा कि जो अमेरिकी कंपनियां जबरन श्रम से लाभ उठाती हैं और अन्य व्यवसायों को नुकसान पहुंचाती हैं, उन्हें जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। यह वास्तव में विनाशकारी है।
मुकदमा सैन डिएगो में मुख्यालय वाली कंपनी पर तस्करी पीड़ित संरक्षण अधिनियम का उल्लंघन करने का आरोप लगाता है। मुकदमे के अनुसार मछुआरे सभी इंडोनेशिया के गांवों से हैं और चीनी कंपनियों के स्वामित्व वाले लॉन्गलाइन जहाजों के लिए काम करते हैं, जिनसे बम्बल बी को अल्बाकोर टूना मिलता है। उनका कहना है कि उनके कप्तानों द्वारा उन्हें नियमित रूप से पीटा जाता था।
मालिक को कुत्ते ने गोली मारी
एक अमेरिकी कुत्ते के मालिक को उसके पालतू कुत्ते ने गोली मार दी। कुत्ता अपने मालिक के बिस्तर पर कूदा और भरी हुई बंदूक से गोली चल गई। टेनेसी के मेम्फिस का युवक महिला साथी के साथ बिस्तर पर सो रहा था। इस दौरान उसका
ओरियो नामक एक 12 वर्षीय पिटबुल बिस्तर पर कूदा। उसका पंजा बंदूक के ट्रिगर गार्ड में फंस गया और ट्रिगर दब गया। गोली उसके मालिक की बाएं जांघ पर लगी। उसका अस्पताल में इलाज किया गया। घटना को दुर्घटनावश हुई चोट के रूप में दर्ज किया गया।