HomeUttar Pradeshब्रज में ठाकुरजी के गूंज रहे जयघाेष, जन्मस्थान पर आराध्य को सोम-चंद्रिका...

ब्रज में ठाकुरजी के गूंज रहे जयघाेष, जन्मस्थान पर आराध्य को सोम-चंद्रिका पोशाक अर्पित

भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर उनका आंगन बैकुंठ बन गया। ब्रज का दृश्य देख श्रद्धालु हर्षित हो उठे। जन्मोत्सव की पूर्व संध्या में श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर भगवान के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। द्वारकाधीश मंदिर में भी आस्था की अविरल धारा बहती रही। यमुना मैया का भी श्रद्धालुओं ने यशोगान किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव सोमवार को मनाया जा रहा है। लेकिन, रविवार को ही लाखों श्रद्धालुओं ने ब्रज में डेरा डाल लिया।

सुबह से ही जन्मभूमि जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की लाइन लगने लगीं। कान्हा के आंगन में द्वापरयुग जीवंत हो रहा था। श्रद्धालु जन्मभूमि के दर्शन कर प्रसन्न हो रहे थे। श्रीकृष्ण भूमि की सजावट भी नयनाभिराम थी। सतरंगी बिजली की रोशनी से सजी जन्मभूमि को श्रद्धालु निहार रहे थे। द्वारकाधीश मंदिर में भी भक्ति की अविरल धारा बहती रही। ठाकुरजी के दर्शन कर भक्त अपने को धन्य समझ रहे थे।

ब्रज में आस्था की वर्षा

यमुना घाटों पर भी आस्था झूमती रही। यमुना मैया का पूजन किया। ब्रज में आस्था की वर्षा हुई। जन्मभूमि के दर्शन करने को पटबंद होने तक श्रद्धालुओं की लाइन लगी रही। हर तरफ भगवान श्रीकृष्ण के जयघोष गूंज रहे थे। ब्रज में आते ही श्रद्धालुओं की खुशी का ठिकाना नहीं था। हर ओर श्रद्धालु ही दिखाई दे रहे थे। रात तक श्रद्धालुओं के आने का क्रम चल रहा था। कान्हा की भक्ति में आस्थावान सुधबुध खोए थे। सोमवार को जन्मोत्सव में शामिल होने का इंतजार है। देश-दुनिया के श्रद्धालु भगवान के जन्मोत्सव में शामिल होने को व्याकुल हैं। जन्मोत्सव में शामिल होकर भक्त अपने को धन्य मानते हैं।

Advertisements
Advertisements

शाेभायात्रा निकालकर पोशाक व श्रृंगार किया अर्पित

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान द्वारा रविवार की शाम शोभायात्रा के मध्य ठाकुरजी को पोशाक व शृंगार अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा के दर्शन किए। ढोल, नगाड़े, मृदंग, झांझ, मजीरे, डमरू की मधुर ध्वनि के मध्य मंगल परिधान पहने भक्त, देश के विभिन्न भागाें से पधारे कलाकार शोभायात्रा में शामिल होकर अलौकिक आनंद की अनुभूति महसूस कर रहे थे। वहीं शोभायात्रा के दर्शन कर हजारों भक्त भी आनंद से सराबोर होकर नृत्य कर रहे थे। भगवान के 5251 वें जन्मोत्सव पर 5251 दीपों का दीपदान किया गया।

गर्भ गृह मंदिर में पोशाक की अर्पित

श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने बताया शोभायात्रा सर्वप्रथम श्रीकेशवदेवजी मंदिर पहुंची और भगवान श्रीकेशवदेवजी को पोशाक, शृंगार अर्पित किया। इसके बाद मां योगमायाजी का पूजन कर पोशाक व शृंगार अर्पित किया। नाचते, झूमते, मस्ती में सराबोर भक्ताें ने श्री गर्भ गृह मंदिर में पोशाक अर्पित की।सोम चंद्रिका पोशाक, रत्नजड़ित कंठा, स्वर्ण व रजत के आभूषण, पूजा पात्र आदि भागवत भवन में विराजमान श्रीराधाकृष्णजी युगल सरकार को अर्पित किए। वेद ध्वनि, मंगल ध्वनि, मंत्रोच्चारण के बीच ठाकुुरजी को पोशाक, शृंगार अर्पित किए जाने के मध्य कलाकार उल्लास और मस्ती में हरिनाम संकीर्तन के मध्य नृत्य कर रहे थे। पोशाक अर्पित करने के बाद संस्थान के सचिव कपिल शर्मा, सदस्य गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी ने 5251 दीपाें को परिसर स्थित श्रीगिरिराज महाराज के श्रीविग्रह के समक्ष ठाकुरजी को अर्पित किया। दीपोत्सव के दर्शन कर श्रद्धालु भी मस्ती में सराबोर हो गए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments