आगरा में एत्माद्दौला के टेढ़ी बगिया स्थित पुलिस बूथ में रविवार रात को एक आटो चालक ने खुद पर डीजल उड़ेल लिया। इसके बाद आग लगाने का प्रयास करने लगा। यह देखकर पुलिसकर्मी दौड़ पड़े। युवक से माचिस छीन ली। इसके बाद पानी डाला। उसे थाने लाकर पूछताछ की। उसने बताया कि मारपीट की शिकायत पर 112 पर काल किया था। मगर, पुलिस नहीं आई। थाने पर सुनवाई नहीं होने पर वह गुस्से में आ गया था। मामले में पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही थी।
कालिंदी विहार निवासी इमरान आटो चलाता है। उसने पुलिस को बताया कि शाम तकरीबन सात बजे वह टेढ़ी बगिया से अपने घर की तरफ जा रहा था। सीएनजी पंप के पास कुछ युवकों ने रोक लिया। वह शराब के लिए 200 रुपये मांगने लगे। उसने मना कर दिया। इस पर युवक भड़क गए। उसकी पिटाई करने लगे। आरोप है कि युवकों से बचकर उसने 112 नंबर पर काल किया। मगर, पुलिस एक घंटे तक नहीं पहुंची। वह इंतजार करता रहा। वह थाने गया। पुलिस कर्मियों को जानकारी दी। मगर, कोई घटनास्थल पर नहीं आया। इससे वह गुस्से में आ गया। एक कट्टी में डीजल भरकर टेढ़ी बगिया स्थित पुलिस बूथ पर पहुंच गया और उसने खुद पर डीजल डाल लिया। इसके बाद माचिस जलाने का प्रयास करने लगा। यह देखकर बूथ पर मौजूद सिपाहियों ने उसे पकड़ लिया। उससे माचिस छीन ली। इसके बाद इमरान पर पानी डाला। उसे फाउंड्री नगर पुलिस चौकी पर ले आए। बाद में थाने लेकर आए। उससे पूछताछ की।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि इमरान ने अपने साथ मारपीट की बात कही है। मगर, उसके शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। इससे पहले उससे पुलिस को कोई सूचना दी थी। उसका मेडिकल कराया जा रहा है। उसके खिलाफ पुलिस की ओर से मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। उसकी तहरीर पर भी मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।