आगरा
आगरा में आसमान से बरसती आग के बीच ताजमहल की दीवानगी बरकरार है। रविवार को 24 हजार से ज्यादा सैलानियों ने ताज के दीदार किए। लेकिन इतनी गर्मी में ताज परिसर में सैलानियों को पीने का पानी भी नहीं मिल सका। सबमर्सिबल पंप के खराब होने के कारण आरओ बंद रहा और पर्यटक पानी की तलाश करते नजर आए। सप्ताहांत में ताजमहल पर सूर्योदय से ही पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाता है। सैलानियों की मुश्किलें टिकट खरीदने से ही शुरू हो जाती हैं। ताजमहल की सभी टिकट खिड़कियां खोले जाने के निर्देश हैं, इसके बाद भी रविवार को केवल दो खिड़कियां ही खोली गईं। इस कारण सैलानियों को तेज धूप में टिकट के लिए लाइन में लगना पड़ा। इसके बाद गेट से प्रवेश में भी एक घंटे तक का समय लग रहा है।
दिल्ली से आईं वैशाली का कहना था कि ताजमहल तक पहुंचने में दो घंटे लग गए। इतनी गर्मी में परिवार के साथ ताजमहल के भीतर तक पहुंचने तक हालत खराब हो गई। पानीपत से आए नीरेश सिंह ने बताया कि टिकट खिड़कियां केवल दो ही खुल रही हैं, जबकि ज्यादा भीड़ होने पर सभी खिड़कियां खोली जानी चाहिए। ताज परिसर में आरओ का पानी भी नहीं मिल सका। सैलानियों को पानी के लिए भटकते देखा गया। पुणे से आए रॉबिन दास का कहना था कि इतनी गर्मी में यहां पानी भी नहीं मिल रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि सबमर्सिबल पंप में खराबी आ गई थी