आगरा
नौतपा में अब हाल ये है कि न दिन में सुकून है और ना रात को चैन। सोमवार को सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक दर्ज हुआ है, इससे ये संकेत है कि दोपहर में अधिकतम तापमान भी जोर मारेगा। मौसम विभाग ने आज भी हीट वेव बने रहने के आसार जताए हैं।
ताजनगरी में गर्मी से परेशान लोगों को फिलहाल राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 18 जून तक अधिकतम तापमान 43 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहेगा। सोमवार सुबह आंशिक बादल रहे और हवा चलती रही। सुबह नौ बजे से धूप ने असर दिखाना शुरू कर दिया है, गर्म हवा चल रही है
दोपहर में लू चलेगी। लोग गर्मी से बेहाल नजर आ रहे हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 45.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से चार डिग्री सेल्सियस अधिक था। सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य तापमान से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को भी हीट वेव जारी रहेगी। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।