आगरा
आगरा में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है और लगातार हीट वेव बनी हुई है। दोपहर में लू चल रही है। बाहर निकलने पर ऐसा महसूस हो रहा है कि जैसे अंगारे बरस रहे हों। हाल फिलहाल राहत की उम्मीद भी नजर नहीं आ रही है। मौसम विभाग का कहना है कि अभी तो तीन दिन और हीट वेब बनी रहेगी।
आगरा में शुक्रवार सुबह सात बजे से ही धूप में तेजी है। सुबह न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री दर्ज हो चुका है। जो सामान्य से दो डिग्री अधिक रहा। इसके चलते सुबह छह बजे तक तो हल्की राहत रही। मौसम विभाग के मुताबिक आज अधिकतम तापमान 43 डिग्री के आसपास रहेगा। वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक, 42.8 डिग्री दर्ज हुआ था। उत्तर प्रदेश में आगरा सबसे गर्म शहर के रूप आंका गया है। दूसरे नंबर पर प्रयागराज और तीसरे पर वाराणसी रहे।
मौसम विभाग ने आगरा में हीट वेव चलने को लेकर अलर्ट जारी किया है। आठ अप्रैल से बढ़ाकर अब इसे 11 अप्रैल तक बने रहने का अनुमान जताया गया है। दिन में बाहर निकलने पर ऐसा लगेगा, जैसे आग बरस रही है। तापमान 42 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। इसके पीछे सौराष्ट्र और राजस्थान की ओर से आ रहींं गर्म हवाओं को कारण बताया जा रहा है।